UP News: उत्तर प्रदेश में सोमवार तड़के लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, बदायूं, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर और सिद्धार्थनगर सहित 10 शहरों में तेज बारिश हुई। तेज ठंडी हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई। सुबह से ही प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बादल छाए हैं। कहीं-कहीं हल्की धूप भी निकली है।
आज 46 शहरों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। 26 जिलों में हीटवेव की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि मानसून 16 दिन से यूपी-बिहार बॉर्डर पर अटका है। अब यह धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और 24 घंटे में यूपी में एंट्री कर सकता है।
9-10 दिन लेट हुआ मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी के रास्ते दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में दस्तक देगा। इससे कुशीनगर, महराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत तराई इलाकों में तूफानी बारिश हो सकती है। मानसून आमतौर पर 20 जून तक यूपी आ जाता है, लेकिन इस बार यह करीब 9-10 दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है।
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसून से पहले बढ़ी मौसमी हलचल से तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। लू कुछ शहरों तक ही सिमट गई है। लू का यह दौर 24 घंटों में खत्म हो जाएगा। इसके बाद 30 जून से प्रदेश में बारिश का नया सिलसिला शुरू होगा। दक्षिण पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इससे जुलाई के पहले हफ्ते तापमान में 5-7°C की गिरावट आएगी।
आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, चित्रकूट, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र।
हीटवेव का अलर्ट
सहारनपुर, मेरठ, हापुड़, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बरेली, आगरा, इटावा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, सोनभद्र, प्रयागराज, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर।

