यूपी में चंद्रशेखर-ओवैसी की पार्टियों में गठबंधन, सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे; चंद्रशेखर CM फेस

यूपी में चंद्रशेखर-ओवैसी की पार्टियों में गठबंधन, सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे; चंद्रशेखर CM फेस

UP Politics: उत्‍तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार (12 नवंबर) को गठबंधन का ऐलान किया है। इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है। गठबंधन यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

लखनऊ में आज संयुक्त प्रेसवार्ता में ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर यूपी में सीएम का चेहरा होंगे। भाजपा को रोकने के लिए हमारा मोर्चा मजबूत विकल्प बनेगा। सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा होगा। बड़े गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन हमें कमजोर समझा गया। यूपी में मुस्लिम आबादी 19% और दलित आबादी 21% है। गठबंधन की नजर इसी 40% आबादी के वोटों पर है। इस गठबंधन का सीधा असर सपा और बसपा के वोट बैंक पर पड़ सकता है।

आरएलडी नेता बोले– एनडीए की सफलता पर कोई असर नहीं

RLD नेता केसी त्यागी ने ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर कहा कि इससे NDA की सफलता या उसके एजेंडे पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, इससे चुनाव प्रचार में उत्साह और आक्रामकता बढ़ेगी।

कांग्रेस बोली– अब्दुल सीएम कहते–कहते चंद्रशेखर को घोषित किया

कांग्रेस लीडर आसिम वकार ने कहा- ‘ओवैसी चिल्ला-चिल्लाकर अखिलेश और राहुल गांधी से कहते थे कि किसी मुसलमान को CM का चेहरा बनाओ, अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा। लेकिन अब खुद गठबंधन में चंद्रशेखर को CM का चेहरा बना दिया। अब बताइए, अब्दुल क्या करेगा? यूपी का मुसलमान खुद तय करेगा कि इस बार मुख्यमंत्री कौन बनेगा।’

योगी के 1.27 करोड़ नाम कटने के दावे पर सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने पूछा कि 10 अप्रैल को फाइनल SIR प्रकाशित होने के बाद ‘बाबा’ ने 1 करोड़ 27 लाख बहुसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम कटने का आंकड़ा कैसे निकाल लिया? उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि शायद मुख्यमंत्री के पास गणित में पीएचडी होगी। ओवैसी ने यह भी पूछा कि इनमें कितने बांग्लादेशी, पाकिस्तानी या गैर-भारतीय नागरिक हैं, इसकी देशवार लिस्ट जारी की जाए।

ओवैसी बोले– अखिलेश विरासत की राजनीति करने वाले, क्या कभी गोली लगी?

असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या उनकी गाड़ी पर गोली चली थी या उन्हें गोली लगी थी? कहा- गोली लगने का दर्द आज भी चंद्रशेखर आजाद की कमर में रहता है। ओवैसी ने कहा कि कांच के महलों में रहने वालों को पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। वे नहीं समझ सकते कि चंद्रशेखर का परिवार किन मुश्किलों से गुजरा है, क्योंकि वे विरासत की राजनीति करते हैं।

संविधान दिवस पर लखनऊ में महारैली, घोषणापत्र भी जारी होगा

चंद्रशेखर आजाद ने घोषणा की कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के माता रमाबाई मैदान में ‘बहुजन समाज महासम्मेलन महारैली’ आयोजित की जाएगी। उन्होंने मंच से असदुद्दीन ओवैसी को ‘असद भाई’ कहकर इस महारैली में मजबूती के साथ शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि रैली के बाद गठबंधन अपना घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) जारी करेगा। भविष्य में मीडिया और जनता के सभी सवालों के जवाब भी दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *