Akhilesh Yadav on Ram Mandir: समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्रयागराज में ‘राम मंदिर कब जाएंगे’ के सवाल का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इटावा में केदारेश्वर मंदिर बनते ही हम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के दर्शन करने जाएंगे। इस दौरान अखिलेश ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि अयोध्या ही नहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में जनता आक्रोशित है। सुना है डोनेशन के तार कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े हैं।
सपा सुप्रीमो ने कहा कि रामनगरी में हुए ‘गोरखधंधे’ को हमने उजागर किया। इसके बाद सच्चाई सामने आई। कि जो लोग पहले ‘नेशन फर्स्ट’ की बात करते थे, उनके लिए अब ‘डोनेशन फर्स्ट’ हो गया है। सपा का मानना है कि आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ हुआ है। भाजपा के शब्दकोष में न धर्म है न शर्म है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के मंदिर को लेकर जिस तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं, वो किसी ने सोचा भी नहीं था।
भाजपा 4C पर कर रही काम
अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा 4C (चंदा, चोरी, चतुराई, चालाकी) पर काम कर रही है। उन्होंने चार लाइन को कविता के अंदाज में कहा- ‘चोर-चोर मौसेरे भाई, जिन्होंने चुराई राम की पाई। देखो जा रहा वो भाजपाई, जिसने खाई राम की पाई।’
उन्होंने कहा कि जब जनता ने यह बात समझ ली कि ये लोग संविधान बदल देंगे, तो भारतीय जनता पार्टी को हरा दिया। अब वही हारे हुए लोग साजिश करके चालबाजी और धोखेबाजी से संस्थाओं के माध्यम से सांसदों को तोड़ रहे हैं। वो संविधान को बदलना चाहते हैं। इस साजिश को देश की जनता कभी भी स्वीकार नहीं करेगी।
भाजपा ने 10 साल में आरक्षण घोटाला किया
पूर्व सीएम ने कहा- समाजवादी ऑडिट, रामनगरी में गोरखधंधा, इसकी भी किताब हम लोगों ने ऑडिट की है। जो भी जानकारी हमें पता चली या आपसे मिली, उन सभी का ऑडिट किया है। लेकिन, भाजपा ने किसी का भी जवाब नहीं दिया है। भाजपा की सरकार को 10 साल हो रहे हैं। इस दौरान भर्ती परीक्षा में संविधान के तहत जो अधिकार मिलता है, वह नहीं दिया गया। जबकि सरकार बड़े-बड़े दावे करती है।
अखिलेश यादव ने कहा- समाजावादी पीडीए ऑडिट में हमने सबसे पहले पेज पर 2019 में हुए 69 हजार शिक्षक भर्ती का जिक्र है। संविधान के तहत जितना मिलना चाहिए, उतना नहीं मिला। इस किताब में जो सवाल हैं, उसका जवाब भाजपा सरकार ने नहीं दिया है।

