जेल में मुलाकात के बाद शिवपाल यादव बोले- आजम की जान लेने की कोशिशें की गईं, वो मजबूती से टिके हैं

जेल में मुलाकात के बाद शिवपाल यादव बोले- आजम की जान लेने की कोशिशें की गईं, वो मजबूती से टिके हैं

UP News: समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने गुरुवार (12 नवंबर) को गाजियाबाद जेल में बंद पार्टी के वरिष्‍ठ नेता आजम खान से मुलाकात की। दोनों के बीच जेल की जाली के जरिए दो घंटे बातचीत हुई। जेल से बाहर आकर उन्‍होंने कहा- आजम खान को कई बार मारने की कोशिश की गई, लेकिन वे मजबूती से खड़े हैं। मुस्लिम होने की वजह से आजम और उनके परिवार का उत्पीड़न हो रहा है।

शिवपाल यादव ने कहा- आजम सपा में थे और हमेशा रहेंगे। उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। विधानसभा चुनाव को लेकर भी उनसे चर्चा हुई। आजम ने कहा कि पार्टी के पक्ष में माहौल है। 2027 में सपा की ही सरकार बनेगी। शिवपाल से पहले 22 अक्टूबर को अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम से मुलाकात की थी।

एक साल में 3 बार आजम से मिल चुके अखिलेश

अखिलेश यादव एक साल में 3 बार आजम खान से मिल चुके हैं। आजम 12 दिन से गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से बाहर निकलते ही उन्हें गेट पर गिरफ्तार कर लिया था। 1 नवंबर को विशेष PMLA कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

शिवपाल सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर डासना जेल पहुंचे। सबसे पहले अधिकारियों से मिले। करीब 10 मिनट तक जेल की औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद उन्हें आजम खान से मिलने की अनुमति दी गई। मुलाकात के बाद जेल से बाहर आए शिवपाल ने कहा- जाली के जरिए आजम साहब से बात हुई। यह प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। हमारी सरकार बनी, तो जाली के जरिए मुलाकात की प्रक्रिया खत्म कर देंगे।

आजम पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे, अब कोर्ट से ही उम्मीद

शिवपाल यादव ने कहा- आजम पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं। अब तो कोर्ट से ही उम्मीद है। उनका कसूर सिर्फ इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए यूनिवर्सिटी बनाई।

चंद्रशेखर-ओवैसी के गठबंधन पर शिवपाल ने कहा- ये दोनों चाहते हैं कि भाजपा की सरकार ही रहे। इसलिए इन्होंने मिलकर गठबंधन किया है। लेकिन, इसका असर PDA और समाजवादी पार्टी पर नहीं पड़ेगा।

वकील मोहम्मद जुनैद भी जेल पहुंचे, बोले– आजम को प्रताड़ित किया जा रहा

जंतर-मंतर पर खाना बांटने को लेकर चर्चा में आए वकील मोहम्मद जुनैद भी आजम खान के समर्थन में डासना जेल पहुंचे। उन्होंने कहा- अगर जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण असंवैधानिक तरीके से हुआ है या उसका नक्शा पास नहीं है, तो जुर्माना लगाया जा सकता है।

यूनिवर्सिटी को ढहाना सही नहीं है। एक व्यक्ति को केंद्र में रखकर राजनीतिक षड्यंत्र के तहत कार्रवाई की जा रही है। धर्म और जाति के आधार पर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *