UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- सिर्फ अयोध्या नहीं, केदारेश्वर भी जाएंगे। वृंदावन भी जाएंगे। यह पहला मौका है, जब अखिलेश ने खुद राम मंदिर जाने की बात कही है। इससे पहले सपा नेता पवन पांडेय ने बताया था कि पूर्व सीएम 12 दिसंबर को रामलला के दर्शन करने आएंगे।
अखिलेश ने PDA की नया मतलब ‘पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद’ बताया। कहा कि हमारे घर में तो शिव और राम दोनों हैं। चाचा शिवपाल और राम गोपाल यादव दोनों साथ में हैं। अवधेश (अयोध्या से सांसद) और पवन (विधानसभा प्रत्याशी) भी हमारे साथ हैं। इसलिए भाजपा इतना घबरा रही है? इधर, अयोध्या के संत-महंतों ने अखिलेश के विरोध की तैयारी कर ली है। संत आज मणिराम दास छावनी में बैठक कर उनके विरोध की रणनीति तय करेंगे। बैठक की अध्यक्षता महंत कमल नयन दास शास्त्री करेंगे।
खजांची आज 10 साल का हो गया
लखनऊ में सपा मुख्यालय में अखिलेश ने नोटबंदी को ‘भ्रष्टाचार का महासागर’ बताया। नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में जन्मे बच्चे ‘खजांची’ का जिक्र करते हुए कहा- खजांची आज 10 साल का हो गया है। भाजपा ने आज तक इसका जन्मदिन नहीं मनाया। भाजपा को अब तो उसे गोद ले लेना चाहिए। लेकिन, वैसे नहीं, जैसे इनके नेताओं ने गांवों को गोद लिया है। खजांची की पढ़ाई-लिखाई और पूरी देखभाल आज भी समाजवादी परिवार ही कर रहा है।
2000 रुपये वाले मित्र का क्या हुआ?
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि 2000 रुपये के नोट का जन्म भी खजांची के जन्म के साथ ही हुआ था। उन्होंने कहा- खजांची कभी-कभी रो-रोकर पूछता है कि मेरे साथ जन्मे 2000 रुपये वाले मित्र का क्या हुआ? उसे क्यों दूर कर दिया गया।
अब 80-20 नहीं, 95 और 5 की लड़ाई है
अखिलेश ने कहा कि अब लड़ाई 80 और 20 की नहीं बची, यह लड़ाई 95 और 5 की है। 95% पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग एक तरफ हैं और 5% शोषक दूसरी तरफ। जब 95 और 5 की लड़ाई होगी, तो भारतीय जनता पार्टी के लोगों का पता भी नहीं चलेगा कि वे कहां पहुंच गए। इसीलिए उनका भाषा और व्यवहार बदल गया है।
1.27 करोड़ वोट कटने के सीएम के दावे पर 2 सुझाव दिए
सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि अखबारों में खबर छपी कि 1 करोड़ 27 लाख का गांजा पकड़ा गया। उधर, 1.27 करोड़ वोट कटने की बात हो रही है। यह क्या अजीब तालमेल है। पारदर्शी चुनाव व्यवस्था के लिए दो चीजें करिए- मतदाताओं को मजबूत मेटल कार्ड दिए जाएं, जो डुप्लीकेट या कॉपी न हो सकें। वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ा जाए।
सरकार 10 साल में मेट्रो को 10 सेंटीमीटर आगे नहीं बढ़ा पाई
उन्होंने कहा- लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो सपा सरकार की देन थी। बीजेपी सरकार 10 साल में मेट्रो को 10 सेंटीमीटर भी आगे नहीं बढ़ा पाई। टेंडर प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के कारण सड़कों और एक्सप्रेसवे की राइडिंग क्वालिटी बेहद खराब हो गई है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
गौमूत्र 200 लीटर इकट्ठा किया, DM ने लेने से मना कर दिया
अखिलेश ने कहा- सरकार किसान को खाद और डीएपी (DAP) तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। इन्होंने कहा था कि गोबर और गोमूत्र खरीदेंगे। हमने तो एक ही दिन में 200 लीटर गोमूत्र बाल्टी में इकट्ठा कर लिया, लेकिन लखनऊ के जिलाधिकारी ने लेने से मना कर दिया! अब बताइए किसान क्या करे?”
सपा सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को सुरक्षा नहीं दी जा रही
पूर्व सीएम ने कहा- सपा सांसदों और वरिष्ठ नेताओं (आरके चौधरी, आनंद भदौरिया, इंद्रजीत सरोज) को मांगने के बावजूद सुरक्षा नहीं दी जा रही है, जबकि सरकार के पसंदीदा लोगों को केंद्र से एनएसजी (NSG) और भारी सुरक्षा दी जा रही है।
