अमेरिकी संसद ने हेगसेथ को हटाने का प्रस्ताव रोका, राष्‍ट्रपति ट्रंप बोले- देशभक्त नेता को बचाया

अमेरिकी संसद ने हेगसेथ को हटाने का प्रस्ताव रोका, राष्‍ट्रपति ट्रंप बोले- देशभक्त नेता को बचाया

US Midterm Election 2026: अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को पद से हटाने के लिए लाए गए महाभियोग प्रस्ताव को फिलहाल रोक दिया है। सदन के अधिकतर सदस्यों ने मंगलवार को इस प्रस्ताव को रिपब्लिकन पार्टी के नियंत्रण वाली न्यायपालिका समिति के पास भेजने के पक्ष में वोट दिया। इससे प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई फिलहाल रुक गई।

राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने प्रस्ताव खारिज होने पर खुशी जताई। उन्‍होंने कहा कि वेनेजुएला और ईरान में जीत और सैनिकों में पहले से कहीं ज्यादा जोश ने एक महान अमेरिकी देशभक्त हेगसेथ को आरोपों से बरी कर दिया है।

ट्रम्प की पार्टी के सांसद ही महाभियोग का प्रस्ताव लाए थे

केंटकी से रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने सोमवार को हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग के 8 आरोपों वाला प्रस्ताव पेश किया था। आरोप था कि हेथसेग ने अमेरिकी संसद की मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ 90 दिनों से ज्यादा समय तक युद्ध चलाया। उन पर ड्रग्स तस्करी के शक में नावों पर अमेरिकी हमलों के दौरान बिना कानूनी प्रक्रिया के लोगों की हत्या कराने का भी आरोप लगाया गया था।

संसद में मंगलवार को हुए मतदान में प्रस्ताव के समर्थन में 204 और विरोध में 211 वोट पड़े। 11 डेमोक्रेट समेत कई सांसद मतदान में शामिल नहीं हुए।

हेगसेथ ने महाभियोग की कोशिश को बकवास बताया

हेगसेथ ने मंगलवार को पेंटागन में करीब 6 महीने बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने महाभियोग की कोशिश को बकवास और साजिश बताया। उन्होंने इसे सांसद थॉमस मैसी की राजनीतिक चाल बताया। उन्‍होंने कहा कि यह प्रस्ताव राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। इससे अमेरिका के दुश्मनों को लगेगा कि देश अपने सैनिकों और अधिकारियों को कानूनी सैन्य कार्रवाई के लिए सजा देता है। उन्होंने कहा, ‘यह देशभक्ति नहीं, बल्कि देश के खिलाफ साजिश है।’

हेगसेथ ने कहा कि मैसी से उनके नीतिगत मतभेद हैं। लेकिन उन्होंने न कोई गंभीर अपराध किया है, न कानून तोड़ा, न देशद्रोह या रिश्वत का मामला है। उनके मुताबिक, महाभियोग के लिए संविधान में बताए गए किसी अपराध में वे शामिल नहीं हैं।

डेमोक्रेट्स के आने से पहले नया रक्षा मंत्री चुनने की तैयारी

मैसी ने माना था कि उनका प्रस्ताव तुरंत पास होना मुश्किल है। हालांकि, उनका मकसद ट्रम्प पर हेगसेथ को हटाने का दबाव बनाना था, ताकि डेमोक्रेट्स के नया महाभियोग प्रस्ताव लाने से पहले नया रक्षा मंत्री चुना जा सके। मैसी का कहना था कि अभी हेगसेथ को हटाने से रिपब्लिकन सरकार के रहते सीनेट नए मंत्री की नियुक्ति को मंजूरी दे सकेगी।

अमेरिकी नियमों के मुताबिक, महाभियोग प्रस्ताव संसद का कार्यकाल खत्म होने के बाद भी जारी रह सकता है। जनवरी में डेमोक्रेट्स के दोनों सदनों का नियंत्रण संभालने के बाद वे अगले साल हेगसेथ के खिलाफ फिर कार्रवाई कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *