Arvind Kejriwal Threat: लॉरेंस गैंग की ओर से दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल से सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इसकी शिकायत तिलक नगर से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक जरनैल सिंह ने की है। खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके फोन और वॉट्सऐप मैसेज के जरिए यह धमकी दी है।
AAP विधायक जरनैल सिंह ने कहा- 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और वॉट्सऐप मैसेज आया। वॉट्सऐप प्रोफाइल पर “~ $H” नाम प्रदर्शित हो रहा था। आरोपी ने मैसेज में लिखा, “लॉरेंस गैंग से हूं, अरविंद केजरीवाल को बोल दे 7 करोड़ दे दो नहीं तो अरविंद केजरीवाल और उसकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दूंगा।” उनकी शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज हुआ है।
जांच में फर्जी पाई गई धमकी
हालांकि, न्यूज एजेंसी IANS ने दावा किया है कि मोहाली पुलिस की इन्वेस्टिगेशन में यह धमकी फर्जी पाई गई है। यह धमकी लॉरेंस गैंग के नाम पर रोहतक (हरियाणा) के कॉलर ने वॉट्सऐप मैसेज और कॉल के माध्यम से दी थी। हालांकि, अब तक किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
इन गंभीर धाराओं के तहत दर्ज हुआ केस
मोहाली के साइबर क्राइम थाने में 7 नवंबर 2026 को रात 9:16 बजे FIR दर्ज की गई। पुलिस ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ BNS, 2023 की धारा 308(4) (फिरौती के लिए मौत या गंभीर चोट का भय दिखाना), 351(2), 351(3), 351(4) (आपराधिक धमकी), 111(2) (संगठित अपराध) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया गया।
गैंगस्टर लॉरेंस को लेकर AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार बीजेपी और केंद्र सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं। कभी उन्होंने दिल्ली में व्यापारियों से हो रही फिरौती और गोलीबारी का मुद्दा उठाया, तो कभी साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस के कथित नेटवर्क और उसे मिल रहे राजनीतिक संरक्षण पर सवाल खड़े किए।
