अखिलेश बड़े घर के, रातभर जुआ खेलते होंगे, जब तक सोकर उठते हैं, जॉइनिंग लेटर बंट जाते हैं: सीएम योगी

अखिलेश बड़े घर के, रातभर जुआ खेलते होंगे, जब तक सोकर उठते हैं, जॉइनिंग लेटर बंट जाते हैं: सीएम योगी

UP News: उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में राजस्व विभाग में चुने गए 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान उन्‍होंने कहा, जब हम जॉइनिंग लेटर दे रहे होते हैं, तब सैफई सिंडिकेट के सरगना के सोने का समय होता है। बड़े घर के लोग हैं। वैसे भी दीपावली के समय जुआ खेला जाता है। रातभर जुआ खेलते होंगे, इसलिए सुबह देर से जागते होंगे। 12 बजे, 2 बजे या 4 बजे तक सोकर उठते होंगे। तब तक हम नियुक्ति पत्र बांट चुके होते हैं।

मुख्‍यमंत्री ने अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा कि जब मैंने कहा था कि अगले 6 महीने में यानी 26 जनवरी तक हम एक लाख युवाओं को और नौकरी देंगे, तब उनका एक बयान आया। उन्होंने पूछा कि नियुक्ति पत्र कब देंगे? मैंने कहा कि अगर गिनती आती है तो गिनना शुरू कर दो। अगर गिनती नहीं आती है तो ट्यूटर (निजी शिक्षक) के रूप में शिवपाल यादव को अपने साथ रख लो। उन्हें गिनती करने का पुराना अभ्यास है। वे अनुभवी नेता हैं और जीवनभर गिनती करते रहे हैं। मैंने कहा था कि गिनो, लेकिन गिनती उनके भाग्य में नहीं है। वे केवल सत्ता में रहने पर ही गिनती गिनते हैं।

क्या कहीं सिफारिश करने की जररूत पड़ी?

सीएम योगी ने जॉइनिंग लेटर देने के बाद अभ्यर्थियों से पूछा- क्या आपको कहीं सिफारिश करने की जररूत पड़ी? क्या किसी से किसी ने पैसे के लेनदेन पर बात की? या कोई फोन आया हो आप लोगों के पास? वेरिफिकेशन की कार्रवाई में कोई संकट आया हो? सबने जवाब दिया- नहीं। सीएम ने कहा- ये है आज के उत्तर प्रदेश की समृद्धि का आधार।

उन्‍होंने कहा, कोई व्यक्ति परीक्षा न दे और नियुक्ति पत्र लेकर आ जाए। आप परीक्षा भी दें, उससे ज्यादा प्रतिभाशाली भी हों और आपको मेहनत का फल न मिले तो बुरा लगना स्वाभविक है। आप शासन में शिकायत करेंगे, लेकिन वही शासन तो यह सब पाप करा रहा था। फिर आप कोर्ट जाते थे। फिर न्यायालय स्टे करता था।

सपा ने PAC की 34 कंपनियां भी समाप्त कर दी थीं

मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा- यूपी में 2017 में जब सरकार बनी, तो मैं पुलिस और गृह विभाग की बैठक ले रहा था। मैंने पूछा कि कितने पद खाली हैं? मुझे बताया गया कि उस समय पुलिस में ही डेढ़ लाख पद खाली थे। सपा ने PAC की 34 कंपनियां भी समाप्त कर दी थीं, जिसे दंगाइयों का काल माना जाता था। इसका परिणाम था कि सपा की सरकार में 1,500 दंगे हुए।

उन्‍होंने कहा- आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत सारे लोग कह रहे हैं कि इससे प्रदूषण हो गया। अरे, हमने कहा कि प्रदूषण हो गया तो वह समाप्त भी हो जाएगा। जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट आचरण से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनके बारे में कोई नहीं बोलता। अगर जनता एक दिन पटाखे और आतिशबाजी कर ले तो प्रदूषण याद आने लगता है। हमने कहा भी कि कोई प्रतिबंध नहीं लगाएंगे। खूब आतिशबाजी करें। मैं भी अयोध्या में आतिशबाजी में था।

9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुके

योगी आदित्‍यनाथ ने कहा- अकेले राजस्व विभाग में हम लोगों ने अब तक 10,836 नियुक्तियां की हैं। यूपी पुलिस में भी हम 2,30,000 से अधिक नियुक्तियां पूरी कर चुके हैं। अभी 6 नवंबर को ही हमने 4,543 सब-इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए हैं। अगर नियुक्तियों की पूरी प्रक्रिया देखें तो 15 अगस्त 2026 तक हम 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र दे चुके थे। यानी साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *