By Elections 2026: बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को हुए उप चुनावों के परिणाम आ गए हैं। मध्यप्रदेश के दतिया में कांग्रेस और गुजरात में भाजपा जीत गई है। वहीं, बिहार के बांकीपुर में नितिन नवीन की सीट पर प्रशांत किशोर जीत गए हैं। जन सुराज पार्टी के फाउंडर प्रशांत किशोर 19,324 वोटों से जीते हैं। प्रशांत को 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले हैं।
बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट है। वे यहां से लगातार 5 बार विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। काउंटिंग के दौरान चुनाव आयोग की वेबसाइट पर कुछ गड़बड़ देखने को मिली। सुबह से वेबसाइट पर 31 राउंड की काउंटिंग बताई जा रही थी। 31 राउंड पूरे होते ही पहले 32 और फिर 36 राउंड काउंटिंग दिखाई जाने लगी। बाद में फिर 32 राउंड की काउंटिंग दिखा दी गई।
प्रशांत किशोर बोले– मैं चुनाव हारने वालों को भी बधाई देता हूं
बांकीपुर उप चुनाव में जीत के बाद जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने कहा- “इस जीत के बाद हमारी पहली प्राथमिकता बांकीपुर के लोगों के आशीर्वाद और भरोसे का सम्मान करना है। हम बांकीपुर को बेहतर बनाने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। आपको अगले दो-तीन महीनों में वे बदलाव दिखने लगेंगे। मैं बड़े-बड़े वादे नहीं करना चाहता। मेरे विधायक बनने से बांकीपुर रातों-रात बेंगलुरु नहीं बन जाएगा। लेकिन आपको अगले दो-तीन महीनों में यहां कुछ सुधार जरूर दिखेंगे… बांकीपुर के लोगों ने बीजेपी नेतृत्व को एक स्पष्ट संदेश दिया है: ‘कृपया बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर किसी अच्छे व्यक्ति को नियुक्त करें।’”
#WATCH | Patna | As he continues his lead in the Bankipur bypoll, Jan Suraaj Chief Prashant Kishor says, "Our first priority after this victory is to honour the blessings and trust that the people of Bankipur have placed in us. We will do everything we can to improve Bankipur.… pic.twitter.com/eNTKiSeIUI
— ANI (@ANI) August 3, 2026
उन्होंने आगे कहा- “अगर बीजेपी सम्राट चौधरी की जगह कुशवाहा समुदाय के किसी दूसरे नेता को लाना चाहती है, तो यह पूरी तरह से उनका फैसला है। हमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन जिसे भी चुना जाए, वह कुशवाहा समुदाय का एक सक्षम और ईमानदार व्यक्ति होना चाहिए। बिहार को हर हाल में आगे बढ़ना चाहिए। बिहार का विकास होना चाहिए। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन व्यक्ति जीतता है या कौन सी पार्टी सरकार बनाती है। यही लोकतंत्र है। चुनाव में जीत और हार तो होती रहती है; वे आते-जाते रहते हैं। असल मायने में जो चीज महत्वपूर्ण है, वह है बिहार का विकास।”
VIDEO | Bankipur Bypoll: Jan Suraaj Party founder Prashant Kishor leads by over 19,000 votes after 32 rounds of counting.
Prashant Kishor (@PrashantKishor ) says, "My doors are open not only to the people of Bankipur but to every individual across Bihar who believes that… pic.twitter.com/tQbkxtRrKR
— Press Trust of India (@PTI_News) August 3, 2026
बांकीपुरः PK को भाजपा-राजद के कुल वोटों से भी ज्यादा वोट
जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव में 64,151 वोट (49.23%) हासिल कर जीत दर्ज की। भाजपा के नीरज कुमार को 44,827 वोट (34.40%) मिले। दोनों के बीच जीत का अंतर 19,324 वोट रहा। राजद की रेखा कुमारी 14,273 वोट (10.95%) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। भाजपा और राजद को मिलाकर 59,100 वोट मिले, जो अकेले प्रशांत किशोर के वोटों से 5,051 कम हैं। यह उनकी मजबूत बढ़त को दिखाता है।
चुनाव में कुल 1,30,313 वोट पड़े। इनमें से लगभग हर दूसरा वोट प्रशांत किशोर के पक्ष में गया। NOTA को 646 वोट (0.50%) मिले। वहीं, शीर्ष तीन उम्मीदवारों के बाद कोई भी प्रत्याशी 1,000 वोट तक नहीं पहुंच सका। चौथे स्थान पर रहे मनोरंजन कुमार श्रीवास्तव को 973 वोट (0.75%) मिले।
दतिया में ASP ने कांग्रेस के वोट काटे, लेकिन फिर भी जीत
कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने दतिया उपचुनाव में 66,757 वोट (42.39%) हासिल कर जीत दर्ज की। भाजपा के आशुतोष तिवारी को 60,741 वोट (38.57%) मिले। दोनों के बीच जीत का अंतर 6,016 वोट रहा। तीसरे स्थान पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के दामोदर यादव ‘मंडल’ रहे। उन्हें 22,527 वोट (14.30%) मिले। कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला कड़ा रहा, लेकिन आजाद समाज पार्टी ने भी अच्छी खासी हिस्सेदारी लेकर चुनाव को त्रिकोणीय बनाया।
चुनाव में कुल 1,57,499 वोट पड़े। इनमें कांग्रेस और भाजपा को मिलाकर 1,27,498 वोट, यानी करीब 81% वोट मिले। वहीं तीसरे स्थान पर रहे दामोदर यादव को अकेले 14.30% वोट मिले।
गुजरात की मंजलपुर सीट पर BJP प्रत्याशी सतीश पटेल जीते
गुजरात के वडोदरा की मंजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने 30,499 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 24,585 वोट मिले। जीत के बाद सतीश पटेल ने कहा कि मंजलपुर की जनता ने जिस तरह योगेश काका को प्यार और समर्थन दिया, उसी तरह मुझे भी आशीर्वाद दिया है। वहीं, भिखाभाई रबारी ने हार स्वीकार करते हुए आरोप लगाया कि मतदान के आखिरी समय में भाजपा ने डर का माहौल बनाया था। 30 जुलाई को हुए उपचुनाव में 37.05% मतदान हुआ था।
