UP News: उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आलोक रंजन (Retd. IAS Alok Ranjan) की पुस्तक बियॉन्ड जीडीपी: खुशहाली को मापने की तलाश पर नोएडा स्थित ओम बुक शॉप में परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस दौरान आलोक रंजन ने बड़ी संख्या में पहुंचे पाठकों से बातचीत की, उनके सवालों के जवाब दिए और अपनी पुस्तक पर हस्ताक्षर भी किए। कार्यक्रम में पुस्तक प्रेमियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य आगंतुकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों की अच्छी मौजूदगी रही और मौके पर पुस्तक की 100 से अधिक प्रतियां बिकीं। इससे यह साफ नजर आया कि विकास, खुशहाली और बेहतर जीवन जैसे विषयों को लेकर लोगों में गहरी रुचि है।

केवल आर्थिक वृद्धि ही नहीं है विकास…
परिचर्चा के दौरान आलोक रंजन ने कहा कि किसी भी देश की आर्थिक स्थिति को समझने में जीडीपी एक महत्वपूर्ण आधार है, लेकिन केवल इसी के आधार पर लोगों के जीवन की वास्तविक स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता। उनका कहना था कि अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, सम्मानजनक जीवन, सामाजिक भरोसा, सुरक्षित वातावरण और लोगों की खुशहाली भी विकास के महत्वपूर्ण पैमाने होने चाहिए। उन्होंने अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव के आधार पर बताया कि विकास का उद्देश्य केवल आर्थिक वृद्धि नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाना होना चाहिए। पुस्तक में उन्होंने दुनिया के कई उदाहरणों का उल्लेख करते हुए बताया है कि अब कई देश विकास को केवल धन और उत्पादन से नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर और खुशहाली से भी जोड़कर देख रहे हैं।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी अपने विचार रखे और पुस्तक के विषय को आज के समय के लिए बेहद उपयोगी बताया। उनका कहना था कि तेजी से आगे बढ़ते भारत में अब विकास की चर्चा केवल अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हर नागरिक के बेहतर और सम्मानजनक जीवन पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम का आयोजन ओम बुक शॉप और ओम पब्लिशर्स की ओर से किया गया। इसमें लेखक से सीधा संवाद, पुस्तक पर चर्चा और हस्ताक्षर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें पाठकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।

