UP News: उत्तर प्रदेश में मानसून के असर से बुधवार रात से लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी और बलिया सहित 20 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और सहारनपुर सहित 30 शहरों में बादल छाए हैं। सुबह 5.30 बजे लखनऊ में रिमझिम बारिश शुरू हुई। 7 बजते-बजते तेज हो गई।
गुरुवार को सभी 75 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। सरकार ने लोगों से अलर्ट रहने को कहा है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून लखनऊ पहुंच गया है। यह अयोध्या, बदायूं, मेरठ और लखनऊ से होकर आगे बढ़ रहा है। अगले 24 से 48 घंटे में यह पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा।
आजमगढ़-बिजनौर में सड़कों पर भरा पानी
इससे पहले, बुधवार को वाराणसी, प्रयागराज समेत 25 शहरों में बारिश हुई। आजमगढ़-बिजनौर में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी घुस गया। बहराइच में सबसे ज्यादा 113 मिमी, बिजनौर में 95 मिमी बारिश हुई। ललितपुर में 93 मिमी, बुलंदशहर में 72 मिमी और संभल-हमीरपुर में 65-65 मिमी बारिश हुई।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून आने के बाद फिलहाल लगातार बारिश की संभावना बनी रहेगी। तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली है। आने वाले 4 से 5 दिनों तक मौसम बिगड़ा ही रहेगा। आंधी-तूफान और बारिश के आसार बने रहेंगे।
राज्य में लगभग सभी जगहों पर बारिश का अलर्ट
ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, जालौन, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, चन्दौली।
लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अम्बेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर। बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर।

