Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को केंद्रीय रक्षामंत्री और सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति में फैसले समाज के हित को ध्यान में रखकर होने चाहिए, न कि राजनीतिक फायदे के लिए। अगला चुनाव जीतने से ज्यादा जरूरी है कि अगली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनाया जाए।
रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ में कई साथी फैसलों से चुनावी नुकसान होने की आशंका जताते हैं। उन्हें लगता है कि इससे लोग नाराज हो सकते हैं। लेकिन हम चुनाव हारें या जीतें, जो उचित होगा वही करेंगे। उन्होंने रामायण और महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान राम का जीवन सिखाता है कि शासक के लिए प्रजा का हित अपने स्वार्थ से ऊपर होना चाहिए। वहीं भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्म, कर्तव्य और धर्म का बोध कराया। भारतीय परंपरा में राजधर्म का यही महत्व रहा है।
उनकी डोर लखनऊ से बंधी है
राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी डोर लखनऊ से बंधी है। वह कहीं भी रहें, उनका मन लखनऊ आता रहता है। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से वायरल से अस्वस्थ हैं। इसी वजह से आवाज बदली हुई है। इसके लिए उन्होंने लोगों से क्षमा मांगी।
आज वह सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया।
समाज की कमियों को दूर करने की जिम्मेदारी भी उठाएं युवा
राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी गरीब को देखें तो केवल उसकी गरीबी नहीं, बल्कि उसके भीतर छिपी संभावनाओं को भी पहचानें। वंचितों की समस्याओं पर चर्चा करने के साथ उनके समाधान का प्रयास करें। समाज में कोई कमी दिखे तो सिर्फ आलोचना न करें, उसे दूर करने की जिम्मेदारी भी उठाएं।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए कहा कि विदेश में धर्म संसद के दौरान उनके पहनावे पर कुछ लोगों ने व्यंग्य किया था। इस पर विवेकानंद ने कहा था कि आपके देश में टेलर आदमी बनाता है, जबकि हमारे देश में कैरेक्टर आदमी बनाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सफलता के साथ चरित्र निर्माण पर भी ध्यान देना चाहिए।
पिछले 4 दिनों से वायरल से अस्वस्थ हूं
राजनाथ सिंह ने बताया कि वह पिछले चार दिनों से वायरल संक्रमण के कारण अस्वस्थ हैं। इसी वजह से उनकी आवाज बदली हुई लग रही है। इसके लिए उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से क्षमा मांगी।
उन्होंने गणित का उदाहरण देते हुए कहा कि मन को एक वृत्त मान लें। जैसे-जैसे मन की परिधि बढ़ती जाएगी, उसी अनुपात में सुख की अनुभूति भी बढ़ेगी। इससे व्यक्ति को आनंद और अंत में परमानंद की प्राप्ति होगी।
टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करें, लेकिन उसके गुलाम न बनें
युवाओं के पास आज टेक्नोलॉजी, इनफॉर्मेशन और कम्युनिकेशन के बेहतर साधन हैं। लेकिन सूचनाओं की अधिकता के बीच सही और गलत की पहचान करना चुनौती बन रहा है। तकनीक का इस्तेमाल करें, लेकिन उसे अपने ऊपर हावी न होने दें। दुनिया से जुड़ें, लेकिन अपनी जड़ों को न भूलें।
रक्षामंत्री ने युवाओं से कहा कि करियर पहचान दिलाता है, लेकिन कैरेक्टर सम्मान दिलाता है। केवल सफल बनना जीवन का उद्देश्य नहीं होना चाहिए। यह भी जरूरी है कि आपके होने से कितने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।
