भाजपा दूसरे प्रदेश से वोटर्स के नाम जुड़वाना चाहती है, इसकी ट्रेनिंग दे रही है: अखिलेश यादव

भाजपा दूसरे प्रदेश से वोटर्स के नाम जुड़वाना चाहती है, इसकी ट्रेनिंग दे रही है: अखिलेश यादव

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में रामलला के दर्शन के लिए जाने को लेकर कहा- पवन पांडेय ने ज्योतिषियों से बात की थी। उन्होंने ग्रह-नक्षत्र देखकर राम मंदिर जाने का मुहूर्त निकाला है।

इस दौरान सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि- भाजपा की तैयारी है कि दिल्ली या दूसरी जगह शिफ्ट होने की वजह से जिन लोगों के नाम कट गए हैं, उनकी जगह एमपी, बिहार, उत्तराखंड और दूसरी जगहों से लोगों को लाकर वोट बनवा दिए जाएं। इसकी ट्रेनिंग दे रही।

भाजपा डरी नहीं है तो 6 जनवरी को आएगी चुनाव तारीख

अखिलेश यादव ने कहा- इलेक्शन कमीशन ने बता दिया है कि 4 जनवरी को वोटर लिस्ट आ रही है। अगर भाजपा डरी नहीं है तो 6 जनवरी को चुनाव की तारीख घोषित हो जाएगी।

इसके पहले उन्होंने 86 अनारक्षित विधानसभा सीटों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में जिलाध्यक्षों के अलावा संबंधित विधानसभा के अध्यक्ष और दावेदार भी शामिल हुए।

पवन पांडेय ने ज्योतिषों से मुहूर्त निकलवाई

पूर्व सीएम ने कहा कि राम मंदिर जाने की तारीख पार्टी को पवन पांडेय ने बताई है। उन्होंने ज्योतिषियों से बात करके ग्रह-नक्षत्र देखकर यह तारीख तय की है। ज्योतिषियों के कहे तारीख को ही राम मंदिर जाएंगे। दरअसल, पवन पांडेय ने कुछ दिन पहले दावा किया था कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करेंगे।

उन्‍होंने आरोप लगाया कि भाजपा मतदान के दिन भी गड़बड़ी की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा, भाजपा की तैयारी है कि आप वोट डालने जाएंगे तो वहीं से भगा दिया जाएगा कि आपका वोट यहां है ही नहीं। फिर आप ढूंढ़ते रहिएगा कि आपका वोट किस बूथ पर है। इस समय ऐसी पोस्टिंग हो रही है कि इलेक्शन कमीशन भी अधिकारियों को नहीं हटाएगा। लगता है कि पोस्टिंग इलेक्शन कमीशन की सहमति से हो रही है। पूरा चुनाव लूटने की तैयारी हो रही है।

सीएम को कैसे पता चला 1 करोड़ 27 लाख हिंदू वोटर्स कटे

अखिलेश यादव ने कहा- पीलीभीत में सपा ने पहले ही बता दिया था कि कितने हजार वोट कटेंगे। इसके बाद दो एसडीएम हटाने पड़े। लखनऊ में पता चला कि एक ही साइन से 100 से ज्यादा फॉर्म-7 भरे गए थे। समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष के साइन से हमारे ही वोट कटवा दिए गए।

उन्होंने कहा, सरकार और इलेक्शन कमीशन की क्या सांठगांठ है कि विपक्ष को कुछ पता नहीं चल रहा, जबकि मुख्यमंत्री को पता चल रहा है कि 1 करोड़ 27 लाख वोट कट गए हैं। वोट के हिसाब से मान लें तो भाजपा हार गई। हर विधानसभा में 31 हजार वोट कट गए हैं।

जिस दिन चुनाव का ऐलान होगा बीजेपी हार जाएगी

अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान साहब को भाजपा ने फंसाया है। उनके खिलाफ साजिश की गई और झूठे मुकदमे लगाए गए हैं। उनके शिक्षा संस्थान की ईडी जांच कर रही है, लेकिन साढ़े 17 हजार करोड़ रुपये के टेंडर की जांच नहीं हो रही है। चुनाव के लिए हम और कांग्रेस तैयार हैं। जिस दिन चुनाव की तारीख तय होगी, भाजपा हार जाएगी।

सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का स्वागत करते हैं। समाज में परिवर्तन होना चाहिए। जब राजनीतिक मोर्चा सक्रिय होगा, तो जो भी पीडीए समाज की आवाज उठाएगा, उसकी आवाज आवाम तक पहुंचाने की कोशिश हम करेंगे।

एम्स गोरखपुर की डायरेक्टर को प्राइवेट अस्पताल जाना पड़ रहा

सपा प्रमुख ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को ही इलाज की जरूरत है। एम्स गोरखपुर की डायरेक्टर को प्राइवेट अस्पताल जाना पड़ा। 16 हजार लोगों पर एक डॉक्टर है। सरकार ने 10 साल में क्या किया? स्वास्थ्य विभाग चौपट है और शिक्षा व्यवस्था भी चौपट हो गई है। पेपर लीक हो रहे हैं।

राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोप पर अखिलेश ने कहा, मुझे डर है कि पुलिसवाले पत्रकार बनकर तो नहीं आ गए हैं। एक बार इसी कक्ष में पकड़ा था। नेताजी ने एक बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी कि हमारे फोन टैप हो रहे हैं, तो हो सकता है। आज कुछ भी संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *