Lucknow: 21 नवम्बर को 5वां राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह

Lucknow: 21 नवम्बर को 5वां राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को करेंगे सम्मानित

Lucknow: प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी), भारत सरकार द्वारा आयोजित किया जाने वाला ‘5वां कौशल दीक्षांत समारोह-2026’ आगामी 21 नवम्बर 2026 को लखनऊ में भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि वर्ष 2022, 2023, 2024 एवं 2025 में नई दिल्ली में आयोजित हुए पूर्व के चारों दीक्षांत समारोहों के बाद पहली बार यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन दिल्ली से बाहर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित हो रहा है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 52 ऑल इंडिया टॉपर प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। लखनऊ में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह की मेजबानी मिलना प्रदेश की सुदृढ़ प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं की बढ़ती दक्षता का प्रमाण है, जो प्रदेश के लाखों युवाओं को कौशल प्रशिक्षण अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगा।

डीजीटी भारत सरकार द्वारा निर्धारित अखिल भारतीय शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) तथा शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) की मुख्य परीक्षा में देश भर में प्रथम स्थान हासिल करने वाले कुल 52 मेधावी प्रशिक्षार्थियों का चयन सम्मान हेतु किया गया है, जिनमें 37 सीटीएस धारक तथा 15 सीआईटीएस धारक प्रशिक्षार्थी सम्मिलित हैं। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इन 52 राष्ट्रीय टॉपर्स में उत्तर प्रदेश के 06 ऑल इंडिया टॉपर प्रशिक्षार्थी भी शामिल हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री के कर-कमलों से सम्मानित होने का गौरव प्राप्त होगा। प्रदेश के इन 06 टॉपर्स में 03 सीटीएस तथा 03 सीआईटीएस प्रशिक्षार्थी हैं। विशेष उपलब्धि यह है कि चयनित तीनों सीआईटीएस टॉपर्स एक ही संस्थान— ‘प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र, अलीगंज, लखनऊ’ के प्रशिक्षार्थी हैं। इस राष्ट्रीय समारोह में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के लगभग 1,000 से 1,200 प्रशिक्षार्थियों के भी सहभागिता करने की संभावना है।

प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र, अलीगंज लखनऊ के निदेशक डी. के. सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के अधीन वर्ष 2015 से संचालित यह उच्च प्रशिक्षण संस्थान सीआईटीएस योजना के अंतर्गत वर्तमान में 23 व्यवसायों में प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। इस संस्थान के प्रशिक्षार्थी विगत 05 वर्षों से लगातार राष्ट्रीय स्तर पर ऑल इंडिया टॉपर बनकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ष 2024-25 में 10 व्यवसायों के कुल 19 ऑल इंडिया टॉपर्स में से 16 (महिला एवं पुरुष) तथा प्रशिक्षण वर्ष 2025-26 में 19 व्यवसायों के कुल 38 ऑल इंडिया टॉपर्स में से 34 (महिला एवं पुरुष) इसी संस्थान के प्रशिक्षार्थी रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *