Lucknow: दुकानदार ने मोबाइल की किस्त नहीं चुकाने पर युवक का निकलवाया खून

Lucknow: दुकानदार ने मोबाइल की किस्त नहीं चुकाने पर युवक का निकलवाया खून
  • पांच दिन करवाई मजदूरी, पुलिस ने शुरू की मामले की छानबीन

Lucknow: मोबाइल की किस्त के लिए दुकानदार ने अनोखा कांड कर दिया। आरोप है कि युवक का खून निकलवा लिया। परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक को जबरन घर से उठा ले गए। पांच दिन तक बंधक बनाकर मजदूरी करवाई। बड़े भाई से किस्त के 2799 रुपए ऑनलाइन मंगवाए। इसके बाद भी उसे नहीं छोड़ा और 12 हजार रुपए और मांगने लगे। पुलिस से शिकायत करने पर युवक को जान से मारकर गोमती में फेंकने की धमकी भी दी। राजारामखेड़ा मजरा पुरहिया गांव निवासी जदूराई ने शिकायत में बताया कि उनके छोटे बेटे नेवल ने करीब एक साल पहले निगोहां कस्बे की एक मोबाइल दुकान से जीरो डाउन पेमेंट पर मोबाइल खरीदा था। एक महीने बाद किस्त बकाया होने पर कुछ लोग घर पहुंचे और मोबाइल ले गए। आरोप है कि आठ सितंबर की शाम करीब चार बजे दो लोग स्कूटी से गांव पहुंचे और नेवल को बहाने से अपने साथ ले गए। शिकायत में स्कूटी का नंबर भी दर्ज कराया गया है। परिवार को जब युवक के बारे में जानकारी नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई।

डीसीपी दक्षिणी ने मामले में जांच के निर्देश दिए

पीड़ित के परिवार के मुताबिक, बाद में नेवल ने बताया कि उसे लखनऊ के एक ब्लड बैंक ले जाया गया, जहां कथित तौर पर जबरन उसका खून निकलवाया गया। इसके बाद उसे सदर इलाके के एक मकान में बंधक बनाकर मजदूरी कराने का आरोप है। जदूराई के मुताबिक, नेवल को बंधक बनाए जाने के बाद आरोपियों ने उसके बड़े बेटे राजकुमार को फोन किया और मोबाइल की किस्त के नाम पर 2799 रुपये ऑनलाइन मंगाए। यह रकम नौ सितंबर को करीब 2:07 बजे क्यूआर कोड के जरिये भेजी गई। मां का आरोप है कि रकम मिलने के बाद भी नेवल को नहीं छोड़ा गया। 11 सितंबर की शाम करीब सात बजे दोबारा फोन कर 12500 रुपये मांगे गए। रकम नहीं देने पर नेवल को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। परिवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के अनुसार, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद पांचवें दिन नेवल को कैब से थाने भेजा गया। कैब का किराया भी उसके भाई से भरवाए जाने का आरोप है। परिजनों का कहना है कि थाने पहुंचने के समय नेवल बदहवास हालत में था। डीसीपी दक्षिणी ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *