UP News: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार तड़के लखनऊ जिले में बारिश हुई। आगरा और जौनपुर सहित 40 शहरों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज भी सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 19.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 7.8 मिमी से 150% ज्यादा है। बिजनौर में गुरुवार शाम इतनी बारिश हुई कि प्राइमरी स्कूल तालाब बन गया। घरों में पानी घुस गया। फर्रुखाबाद में नेशनल हाईवे पर पानी भर गया। कई मोहल्लों में भी जलभराव हो गया। रायबरेली में बारिश से सड़क धंस गई। 3 फीट गहरा गड्ढा हो गया।
बारिश से नदियां उफान पर
इधर, लगातार बारिश से नदियां भी उफान पर हैं। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी में अब तक 50 एकड़ जमीन समा चुकी है। बलिया में सरयू नदी में 27 घर समा चुके हैं। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई। 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया। वाराणसी में गंगा उफान पर है। 40 से 50 छोटे मंदिरों में बाढ़ का पानी घुस गया, जबकि रत्नेश्वर महादेव मंदिर आधे से ज्यादा डूब चुका है। गुरुवार सुबह लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ समेत 20 से अधिक शहरों में बारिश हुई। पिछले 3 दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं यूपी पहुंच रही हैं। साथ ही प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र और आसपास बने मौसम सिस्टम बारिश करा रहे हैं। कई जगहों पर हवा में नमी ज्यादा होने से बादल बन रहे हैं और तेज बारिश हो रही है। अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी।
18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, संत रविदास नगर, प्रयागराज, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर।
हल्की बारिश
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, संभल, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कासगंज, एटा, मैनपुरी, अमेठी, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कौशांबी, बांदा और चित्रकूट।
