सीएम योगी ने कहा- लखनऊ में जब ढाई करोड़ की कार से गमला चुराया गया तो मन किया…

सीएम योगी ने कहा- लखनऊ में जब ढाई करोड़ की कार से गमला चुराया गया तो मन किया...

UP News: सूबे के मुखिया योगी आदित्‍यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में भाजपा मेयर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के तीन साल पूरे होने पर कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 413 करोड़ की परियोजनाएं लॉन्च कीं। सीएम ने इस मौके पर राजधानी में ‘गमला चोरों’ को निशाने पर लिया।

मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा- ‘हम गमला लगाते हैं, तो कोई कार से आता है और गमला उठाकर ले जाता है। जितना कार का तेल लग रहा है, उतने में नया गमला ले सकते हो। ये चोरी का नया मॉडल है। अब हर जगह सीसीटीवी लगे हैं, हम उससे देखते रहते हैं। पता लगता है कि ढाई करोड़ की कार से 45 रुपए के गमले चुरा रहे हैं।’

जनता के पैसे के हैं गमले

सीएम योगी ने कहा, ‘45 रुपये के गमले खरीदकर आप घर में लगा सकते थे। आपका सम्मान भी रहता और शहर भी अच्छा दिखता। एक बार तो मेरे मन में आया था कि गमला चोरी करने वालों की फोटो चौराहे पर लगवाऊं, क्योंकि जो पैसा हम खर्च कर रहे हैं, वह जनता का है। यह न तो हमारा है, न वित्त मंत्री खन्नाजी का और न ही ऊर्जा मंत्री शर्माजी का।’

मुख्‍यमंत्री ने वित्त मंत्री पर चुटकी ली। उन्‍होंने कहा कि लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में नंबर वन लाने के लिए खन्नाजी नारेबाजी कर रहे हैं। आप सोचिए, 80-85 की उम्र में खन्नाजी नारे लगा सकते हैं, तो आप काम तो कर ही सकते हैं।

पहले महिला सुरक्षा के लिए खतरा सपाई ही बने हुए थे

मुख्‍यमंत्री ने कहा, महिला सुरक्षा के लिए खतरा पहले सपा के लोग ही बने हुए थे। शासन की योजनाओं का लाभ पहले सिर्फ एक परिवार को मिलता था। अब यह देश, प्रदेश, लखनऊ की जनता और गरीबों के लिए है। लखनऊ प्रदेश का सबसे बड़ा महानगर बन गया है। सबसे बड़ा नगर निगम भी है। हम उस नकारात्मक राजनीति को जवाब दे रहे हैं, जो सिर्फ सकारात्मक काम पर उंगली उठाती है। इसे आपको भी देखना चाहिए। आज हमारे शहर में ईज ऑफ लिविंग है।

उन्‍होंने कहा, पिछली सरकार के पाप के गड्ढों को भरने का हमने काम किया। उनके भ्रष्टाचार के कूड़ेदान को भरा। इसका परिणाम है कि लखनऊ नगर को स्वच्छता रैंकिंग में तीसरा नंबर मिला है। अब हमें लखनऊ को पहले नंबर पर लाना है। हर नागरिक की जिम्मेदारी होती है कि घर का कूड़ा कूड़ेदान में ही फेंके और सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाए।

सपा की सरकार में लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे

योगी आदित्‍यनाथ ने कहा, आज वे लोग सवाल उठा रहे हैं, जिनके कार्यकाल में बिजली के तारों पर लोग कपड़े सुखाते थे। रात और दिन के हिसाब से लाइट आती थी। आज हम सभी की जिम्मेदारी है कि पावर कॉरपोरेशन के साथ खड़े हों। यह डबल इंजन की सरकार समस्या नहीं, समाधान देती है।

5 महीने पहले प्रेरणा स्थल से चुरा ले गए थे गमले

5 महीने पहले की बात है। 25 दिसंबर 2025 को लखनऊ में पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रेरणा स्थल और उसके आसपास के इलाके को फूलों से सजाया गया। पीएम के जाने के कुछ घंटे बाद ही लोगों ने सजावट में लगे गमले चोरी कर लिए। कोई कार से तो कोई स्कूटी पर गमले चुराकर ले गया। इसके बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण ने वहां से गमलों को हटवा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *