UP News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गुरुवार को लखनऊ में महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के 7वें दीक्षांत समारोह में कहा कि 13-14 साल की उम्र में किसी लड़की को मां बनाकर छोड़ना गलत है। गर्लफ्रेंड बनाने में बुराई नहीं है। लेकिन शादी का वादा किया है तो उसे निभाना जरूरी है। युवाओं को पहले आत्मनिर्भर बनना चाहिए, ताकि वे परिवार की जिम्मेदारी उठा सकें।
इस दौरान प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी मौजूद थे। समारोह में 2,279 स्टूडेंट्स को डिग्री और डिप्लोमा दिए गए। यूनिवर्सिटी कैंपस में मिनी एक्सपो भी लगाया गया था।
ऑपरेशन सिंदूर में दिखी विद्यार्थियों की कुशलता
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं में यह भरोसा जगाया है कि वे कुछ भी कर सकते हैं। भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने के लिए सरकार युवाओं को जरूरी संसाधन उपलब्ध करा रही है। प्रधानमंत्री ने तीनों सेनाओं को मजबूत बनाने और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए। इसका उदाहरण ऑपरेशन सिंदूर है।
उन्होंने मध्य प्रदेश में शिक्षा मंत्री रहते हुए बनाई गई एक यूनिवर्सिटी का जिक्र करते हुए बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वहां के विद्यार्थी डेटा जुटाने, उसका विश्लेषण करने और संबंधित लोगों तक पहुंचाने में मदद करते थे। यह विद्यार्थियों की कुशलता का उदाहरण है।
गरीबों को आत्मनिर्भर बनाना हमारा उद्देश्य
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए युवाओं के ज्ञान और मेहनत का सही इस्तेमाल जरूरी है। देश की आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर बनाने के साथ गरीब परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ाने पर भी ध्यान देना होगा।
उन्होंने कहा कि गरीबों की मदद सिर्फ आर्थिक सहायता देकर नहीं की जा सकती। उन्हें पढ़ाई और कौशल प्रशिक्षण के अवसर देने होंगे, ताकि वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें, परिवार की जिम्मेदारी उठा सकें और अपना काम शुरू कर सकें।
डेटा और AI का इस्तेमाल करें युवा
राज्यपाल ने युवाओं से डेटा जुटाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज AI के जरिए बहुत से काम किए जा सकते हैं। युवाओं को इन तकनीकों का उपयोग कर नए अवसर तलाशने चाहिए और देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देना चाहिए।
इसी तरह एक फोटो को दूसरे फोटो पर जोड़ देना, रिसर्च में किसी दूसरे के काम को अपने नाम से दिखाना या किसी दूसरे के नाम से अपना काम प्रस्तुत करना, यह गलत काम है। क्या हम ऐसा करना चाहते हैं? नहीं।
गलत कामों में हिस्सा न लें, दूसरों को भी रोकें
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे गलत कामों में कभी हिस्सा न लें और न ही किसी को ऐसा करने दें। समाज में धोखाधड़ी और दूसरी गलत गतिविधियों को रोकना जरूरी है। इसके लिए अच्छे लोगों की संख्या बढ़ानी होगी और विद्यार्थियों को भी इस मुहिम से जोड़ना होगा।
राज्यपाल ने तालाब का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर लोग उसमें लगातार गंदगी डालते रहेंगे, तो पानी दूषित हो जाएगा। वहीं, उसे साफ रखने का प्रयास किया जाए, तो पानी शुद्ध बना रह सकता है। इसी तरह ज्ञान और अच्छे विचारों को लगातार बढ़ावा देना चाहिए। सही ज्ञान बढ़ेगा, तभी समाज आगे बढ़ेगा।
राज्यपाल ने कहा था– लड़कियां पढ़ाई के दौरान प्रेग्नेंट हो जाती हैं
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने तीन महीने पहले कहा था कि लड़कियां पढ़ाई के दौरान प्रेग्नेंट हो जाती हैं। कइयों को बच्चा भी हो जाता है। उस बच्चे की जिम्मेदारी जानते हैं किस पर जाती है? सरकार पर जाती है। ऐसा पराक्रम आप लोग मत करिए। दूर रहिए इन पराक्रमों से।
वह डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के 24वें दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति के तौर पर बोल रही थीं। आनंदी बेन ने कहा था- मैं लव मैरिज के खिलाफ नहीं हूं, आप करिए लव मैरिज। आपको उनसे प्रेम है, उनको आपसे प्रेम है तो शादी करिए। लेकिन, शादी तभी करिए जब आत्मनिर्भर हो जाइए। मेरा बेटा बेंगलुरु पढ़ने गया। मैंने उससे कह दिया था कि अगर कोई लड़की पसंद आए तो बता देना, शादी करा देंगे। उसे कोई पसंद ही नहीं आई।
