-
भागीदारी भवन में YUVANITI-3 में 18 जनपदों के युवाओं ने नीतियों, योजनाओं और भविष्य की दिशा पर किया संवाद
Lucknow: अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर युवाओं को अपनी बात रखने और भविष्य की दिशा को लेकर अपने विचार साझा करने का मंच देने के उद्देश्य से गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में YUVANITI-3 : A Youth&Led Dialogue कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने प्रदेश के 18 जनपदों से आए युवाओं के साथ संवाद किया।
युवाओं के सवालों और विचारों पर हुआ खुला संवाद
कार्यक्रम में युवाओं ने लोकतंत्र, समान अवसर, सामाजिक बदलाव, सरकार की नीतियों और योजनाओं को लेकर राज्यमंत्री से सवाल पूछे। साथ ही भविष्य, प्राथमिकताओं, युवाओं की दिशा और आगे की कार्ययोजनाओं को लेकर अपने विचार भी साझा किए। इसके अलावा उनके पूर्व सेवाकाल और उनसे जनसेवा से जुड़े सवाल भी किए।
‘ईमानदारी, विशेषज्ञता और शिष्टाचार को बनाएं जीवन का आधार’
राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा, लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी और उनकी सोच को नीति निर्माण से जोड़ना जरूरी है। Youth&Led Policy Dialogueयुवाओं को अपने विचार, सवाल और सुझाव सीधे मंत्रियों एवं नीति-निर्माताओं तक पहुंचाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने जीवन और कार्य में ईमानदारी, विशेषज्ञता और शिष्टाचार को मूल्यों के तीन प्रमुख स्तंभ के रूप में अपनाना चाहिए। हमारा विजन विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत का है। युवाओं की ऊर्जा, नए विचार और नवाचार इस विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
