अमित शाह ने की सीएम योगी की तारीफ, बोले- यूपी और देश में 30 साल तक रहेगी बीजेपी की सरकार

अमित शाह ने की सीएम योगी की तारीफ, बोले- यूपी और देश में 30 साल तक रहेगी बीजेपी की सरकार

UP Politics: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार (30 अक्‍टूबर) को लखनऊ में हैं। उन्होंने यूपी भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा- यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है। उसे कोई नहीं हिला सकता है। आप कमर कस लो, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो। हमें फिर से सरकार बनानी है।

अमित शाह ने बीजेपी कार्यकर्ता को पार्टी का मालिक बताया। कहा कि यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी तो यहां भी UCC लागू करेंगे। आप सभी नाराजगी और मनमुटाव को गोमती नदी में छोड़कर जाएं। चुनाव में बार-बार मुलाकात होगी। हिसाब पूछूंगा। बही खाता अच्छा रहना चाहिए।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ने कहा- राहुल बाबा की निरर्थक बकवास का जवाब यूपी में 2027 में बीजेपी की सरकार बनाकर देना है। इससे पहले, करीब 9 महीने बाद लखनऊ पहुंचे शाह का सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम ने स्वागत किया। बैठक में योगी और शाह अगल-बगल बैठे। यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और यूपी भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े भी मौजूद रहे।

शाह ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में हो रही बैठक में विधानसभा चुनाव के रोडमैप पर बात की। 2500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को यूपी में भाजपा की हैट्रिक लगाने का मंत्र दिया।

यूपी में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का समय है

अमित शाह ने कहा कि लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का समय है। बीजेपी के मालिक हमारे कार्यकर्ता को मेरा प्रणाम, मेरा राम राम। महर्षि दयानंद ने उत्तर भारत से लेकर राजस्थान तक देश भक्ति जागृत की। नशा मुक्ति के लिए भी उन्होंने काम किया, आजादी में उनका बड़ा योगदान है।

उन्‍होंने कहा- यूपी में 30 अक्टूबर का बड़ा योगदान है। आज के दिन 1990 अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। मै पूछना चाहता हूं कि आप किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं। अपने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, हमने राम मंदिर बनाया। आपकी तीसरी पीढ़ी को भी जनता माफ नहीं करेगी।

फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही

कल्याण सिंह ने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया। यूपी में बीजेपी सरकार अंगद का पैर है, उसे कोई नहीं हटा सकता है। फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। कोई दुविधा नहीं है।

शाह ने कहा- 2014 में हमारे केवल 44 विधायक थे। बहुत निराशा थी। मैं तहसील तक गया। एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीट जीतीं। 2017 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी। हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीट जीती थीं।

देश में जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्ट्राचार तीन राहु

अमित शाह ने कहा कि पहले राजनीतिक परिदृश्य जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्ट्राचार से ग्रस्त था। सूर्य को भी एक राहु खराब कर देता है। देश में जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्ट्राचार तीन राहु थे। आप कमर कस लो अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो। हमें सरकार बनानी है। मै याद दिलाने आया हूं कि बीजेपी के नेता भी सबसे पहले कार्यकर्ता हैं।

अमित शाह ने कहा- राहुल बाबा आपको अतीत में ले जाना चाहता हूं कि राजीव गांधी ने ताना दिया था कि हम दो हमारे दो। लेकिन, हमने ताने से प्रेरणा ली। आज संसद में 240 सीट हैं। लगातार तीसरी बार मोदी प्रधानमंत्री हैं। NDA की 22 राज्यों में सरकार बनी है। 6 दशक के बाद कोई व्यक्ति लगातार तीसरी बार PM बना है।

जब आप आंकड़ों के अभिमान में डूबे थे, तब हम जीत रहे थे

अमित शाह ने कहा- 2024 के चुनाव में पहली बार उड़ीसा में सरकार बनी, अरुणाचल प्रदेश में जीत कर आए। जब आप आंकड़ों के अभिमान में डूबे थे तो हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल में सरकार बनी। दिल्ली में तीन दशक के बाद बीजेपी सरकार बनी। असम में हैट्रिक लगाए और पश्चिम बंगाल ने ममता दीदी का सुपड़ा साफ किया।

उन्‍होंने कहा- मैच हारने के बाद अब अंपायर पर आरोप लगाया जा रहा है कि वोट चोरी हुई। बीजेपी संसद में चर्चा के लिए तैयार है। एक बार आइए, विशेष सत्र बुलाते हैं। हम एक एक बात का जवाब देने को तैयार हैं। संसद में चर्चा कीजिए।

यूपी और देश में 30 साल तक बीजेपी की सरकार रहेगी

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा- यूपी में 41 साल, गुजरात में 41 साल से सरकार नहीं बनी है। यदि यही क्रियाकलाप रहा तो आगामी 30 साल तक राहुल और अखिलेश का नंबर नहीं आएगा। यूपी के देव तुल्य कार्यकर्ता के आधार पर कहता हूं कि 30 साल तक बीजेपी की सरकार रहेगी।

अमित शाह ने कहा- हिमालय से लेकर गंगोत्री तक भगवा ही भगवा है। राहुल और अखिलेश को कुछ करना है तो कुछ कीजिए नहीं तो मोदी जी फिर चौथी बार PM बनेंगे।

अमित शाह ने योगी की तारीफ की, कहा– माफिया को खत्म किया

शाह ने सीएम योगी की तारीफ की। कहा कि योगी ने माफिया को समाप्त किया। इसके लिए उन्हें बधाई। ये लोग तुष्टिकरण करते थे। पांच सौ साल तक मंदिर नहीं बना पाए, लेकिन मोदी की दूसरी बार सरकार बनी तो राम मंदिर बना।

यूपी में तीसरी बार सरकार बनी तो यूसीसी लागू करेंगे

अमित शाह ने कहा- यूपी में तीसरी बार सरकार बनी तो यूसीसी लागू करेंगे। हमने अनुच्छेद 370 समाप्त किया, एक कंकड़ भी नहीं चला। अब नशामुक्ति की बात है तो दिसंबर 2029 तक नशामुक्ति करनी है। हमारी सरकार बनने के बाद दंगों ने 70% गिरावट आई है। जनता को बताना है कि यदि बीजेपी की सरकार नहीं आई तो क्या होगा।

अमित शाह ने कहा- 50 लाख करोड़ का निवेश आया। 15 लाख करोड़ के निवेश धरातल पर आए हैं। सपा और बसपा के सभी टर्म मिला लें तो हमारे योगी जी का एक टर्म उनसे ज्यादा है। कानून व्यवस्था सुधरने से निवेश आया है। निवेश से रोजगार आया है। डबल इंजन की सरकार है। केंद्र ने यहां कोई कमी नहीं रखी है। यूपी के इंफ्रास्ट्रक्चर मे हजारों करोड़ रुपए भारत सरकार ने दिया है। यूपी में देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे नेटवर्क है। जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बना है।

अखिलेश ने गरीब का हक मारकर परिवार को दिया

अमित शाह ने कहा- नरेंद्र मोदी ने फंड देने में कोई कमी नहीं की और योगी ने उसे जमीन पर उतारने मे कमी नहीं की। लेकिन, जनता को यह बताना होगा। अखिलेश जी आपने और आपके पिता की सरकार ने क्या किया, गरीब का हक मारकर अपने परिवार और कार्यकर्ता को दिया। यूपी सरकार ने लाभार्थी ने चुन-चुन कर लाभ दिया है। केंद्र सरकार की योजनाओं का सबसे अच्छा क्रियान्वयन यूपी में हुआ है।

परिश्रम की पराकाष्ठा कर 2027 में सरकार बनाएं

अमित शाह ने कहा- सरकार के सारे काम एक ओर हैं, फिर भी कार्यकर्ता का पराक्रम सबसे बड़ा है। सबसे अधिक कार्यकर्ता का समायोजन यूपी में हुआ है। अखिलेश के आने के बाद एक भी चुनाव सपा नहीं जीती। राहुल के आने के बाद कांग्रेस की सरकार नहीं बनी। कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव को अपना चुनाव बनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा कर 2027 में सरकार बनाएं।

अमित शाह ने कहा- राहुल बाबा की निरर्थक बकवास का जवाब 2027 में बीजेपी की सरकार देगी। सभी नाराजगी को गोमती में डालकर जाएं। बीजेपी की सरकार को अंगद का पैर बनाए रखना है। चुनाव में बार-बार मिलूंगा हिसाब भी पूछूंगा। याद रखना बही खाता अच्छा रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *