UP News: उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश की वजह से गंगा, यमुना और शारदा सहित 10 नदियां उफान पर हैं। 80 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा फर्रुखाबाद में 49 गांवों में बाढ़ है।
काशी में घाटों की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है। 100 से ज्यादा छोटे मंदिर डूब गए हैं। हरिश्चंद्र घाट पर शवदाह स्थल डूब गया है। घाट की ऊपरी सीढ़ियों पर चिताएं जलाई जा रही हैं। लोगों को 2 से 3 घंटे तक शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
कानपुर के 5 से ज्यादा गांवों में घुसा पानी
कानपुर में गंगा नदी चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गई है। 5 से ज्यादा गांवों में पानी घुस गया है। बच्चे नाव से स्कूल जा रहे हैं। सैकड़ों बीघा फसलें जलमग्न हो गई हैं। उन्नाव में गंगा का पानी कॉलोनियों में घुस गया है। छतों पर लोगों की जिंदगी बीत रही है। गलियों में नावें चल रही हैं।
लखीमपुर-खीरी में शारदा नदी में अब तक 70 एकड़ जमीन समा चुकी है। रायबरेली में घर में 5 फीट लंबा सांप घुस गया। आज 48 जिलों में बारिश का अलर्ट है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में धूप निकली हुई है।
प्रदेश में फिर जोर पकड़ सकता है मानसून
वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि फिलहाल यूपी से मानसूनी बादल छंट गए हैं। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने वाला है। इसके असर से प्रदेश में एक बार फिर मानसून जोर पकड़ेगा। आने वाले दिनों में पूरे यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, मऊ, बलिया, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र।
हल्की बारिश
जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, बलरामपुर और बस्ती।
बूंदाबांदी
लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत रविदास नगर, शाहजहांपुर, बदायूं, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, ललितपुर, झांसी और महोबा।
