MP के सारंगपुर में उफनते नाले में बही कार, अब तक सात लोगों के शव बरामद

MP के सारंगपुर में उफनते नाले में बही कार, अब तक सात लोगों के शव बरामद

MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में स्थित पड़ाना कस्बे में सोमवार को बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से उफनते नाले का पानी बह रहा था। इसी दौरान एक ईको कार चालक ने तेज बहाव के बावजूद नाला पार करने की कोशिश की। देखते ही देखते कार पानी के तेज बहाव में बहकर गहरे नाले में जा गिरी। कार में चार बच्चों, चार महिलाओं और तीन पुरुषों समेत 11 लोग सवार थे।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव शुरू किया और दो पुरुषों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, रेस्क्यू टीमों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब दो बजे तक सात लोगों के शव बरामद कर लिए थे। बाकी लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी था।

धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए निकला था परिवार

जानकारी के अनुसार देवास जिले के सतवास गांव का एक परिवार ईको कार से राजगढ़ जिले की सारंगपुर तहसील के कड़नावद गांव स्थित धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए जा रहा था। कार में कुल 11 लोग सवार थे। पड़ाना बायपास पर पहुंचते ही परिवार का सामना उफनते नाले से हुआ।

बारिश के कारण नाला पूरी तरह उफान पर था और उसका पानी सड़क के काफी ऊपर तक बह रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक पानी का बहाव इतना तेज था कि सड़क और नाले के बीच अंतर करना भी मुश्किल हो रहा था। इसके बावजूद चालक ने कार रोकने के बजाय नाला पार करने का प्रयास किया।

लोगों ने रोका, लेकिन चालक ने नहीं मानी बात

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर मौजूद करीब पांच-छह लोगों ने चालक को कार आगे नहीं बढ़ाने की सलाह दी थी। उन्होंने तेज बहाव का हवाला देते हुए बारिश रुकने और पानी कम होने तक इंतजार करने को कहा था। आसपास के लोग भी उस समय नाला पार नहीं कर रहे थे।

इसके बावजूद चालक ने कार को पानी में उतार दिया। कुछ ही पल में कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और सड़क की ओर आने के बजाय नाले की तरफ बहती चली गई। गहरा नाला होने के कारण कार देखते ही देखते पानी में समा गई।

तीन साल के बच्चे का शव सबसे पहले मिला

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सारंगपुर एसडीएम और एसडीओपी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान में जुट गए। ग्रामीण भी रस्सियों की मदद से रेस्क्यू में शामिल हुए।

रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले तीन वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ। इसके बाद महिलाओं और बच्चों समेत छह अन्य लोगों के शव निकाले गए। दो पुरुषों मुकेश और हुकुमसिंह को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कार चालक का भाई बोला– सुबह 11:30 बजे मिली हादसे की खबर

बताया जा रहा है कि कार मुकेश नायक, निवासी धांसड़ गांव, चला रहा था। मुकेश के भाई बाला नायक के अनुसार उन्हें हादसे की जानकारी सुबह करीब 11:30 बजे मिली। मुकेश ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से उन्हें फोन कर घटना की सूचना दी।

फिलहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और नाले में बहे बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। बरामद शवों को पड़ाना में रखा गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

कार में सवार थे ये लोग

धांसड़ गांव के पूर्व सरपंच ओमप्रकाश पटेल ने बताया प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में शंकर, विशाल, सागरबाई, पूजा, रीनू, हुकुम, वंशिका, राजवीर, जसप्रीत, आनंद व ड्राइवर मुकेश के सवार होने का पता चला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *