Yogi Ki Pati: CM योगी क्यों लिखते हैं जनता के नाम पाती? खुद दिया जवाब

Yogi Ki Pati: CM योगी क्यों लिखते हैं जनता के नाम पाती? खुद दिया जवाब

Yogi Ki Pati: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीते लंबे समय से प्रदेश की जनता के नाम पाती लिखते रहे हैं। सीएम योगी द्वारा जनता के नाम लिखी जाने वाली पाती को 50 हफ्ते सा ज्यादा समय हो गया है। ऐसे में सीएम योगी सोमवार को इस बात की जानकारी दी है कि वह जनता के नाम ये पाती लिखते क्यों हैं? सीएम योगी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेश वासी उनका परिवार है और इस परिवार के सुख-दु:ख, आशाओं, उपलब्धियों और संकल्पों से जुड़े रहने का एक आत्मीय माध्यम है ‘योगी की पाती’। सीएम योगी ने कहा है कि “पिछले 50 से अधिक सप्ताह से हर पाती के माध्यम से मैं अपने प्रदेश वासियों के साथ अपने विचार और भावनाएं साझा करता आ रहा हूं। यह मेरे लिए केवल पत्र लिखना नहीं, बल्कि अपने परिवार से संवाद करने का अवसर है। आज इस आत्मीय यात्रा पर आधारित ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन एवं प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन होगा।”

CM योगी ने क्यों किया पाती लिखने का फैसला?

सीएम योगी ने कहा- “मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, पाती के माध्यम से आपसे संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूर्ण हो गए, पता ही नहीं चला। कभी-कभी आपके मन में यह जिज्ञासा उठती होगी कि मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं? इसका उत्तर एक प्रसंग में छिपा है। पहली बार वनटांगिया गांव जाने का मुझे आज भी स्मरण है। कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोगों का दयनीय जीवन तथा वर्षों से मूलभूत सुविधाओं से विमुख रहने की उनकी स्थिति देखकर मैं अत्यंत व्यथित हुआ। मुझे लगा कि शासन का वास्तविक दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं, बल्कि समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है, जिसकी अपेक्षाएं और पीड़ा कई बार व्यवस्था तक नहीं पहुंच पातीं। उस प्रसंग ने मेरे मन में यह भाव और दृढ़ किया कि शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव होना चाहिए। पाती की प्रेरणा भी इसी भाव में निहित है।”

सीएम योगी ने कहा- “मेरी सहज भावना यही थी कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहे। उत्तर प्रदेश मात्र एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। और, परिवार में आदेश नहीं, अपनत्व के साथ संवाद होता है। मेरा प्रयास ऐसे विषयों पर आपसे संवाद करने का रहा है, जो सीधे आपके जीवन, आपकी आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े हो। पाती के माध्यम से सुख-दुःख की साझेदारी, परस्पर विश्वास और सहभागिता को सुदृढ़ करना ही मेरी भावना रही है।”

देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है गूंज– सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा- “गत एक वर्ष में लिखे गए ये पत्र मेरे लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप एक व्यापक दृष्टि साझा करने का माध्यम भी बने हैं। मुझे मह जानकर विशेष प्रसन्नता होती है कि इस संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है।” बता दें कि इससे पहले सीएम योगी ने दीपोत्सव पर भी जनता के नाम पाती लिखी थी और दीपोत्सव की सच्ची भावना के बारे में बात की थी।

आपकी आवाज ही पाती की वास्तविक शक्ति– सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा- “इस मात्रा में आपका स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी रहे हैं। मैं चाहता हूं कि पाती केवल मेरे विचारों की अभिव्यक्ति बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें आपके मन की बात, आपकी अपेक्षाएं और आपके सुझाव भी समान रूप से स्थान पाएं। आपकी आवाज ही पाती की वास्तविक शक्ति है। आपकी सहभागिता ही इसे और अधिक सार्थक तथा जनभावनाओं के अनुरूप बनाने का आधार बनेगी। आइए, आत्मीय सुख-दुःख की इस संवाद-श्रृंखला को और सुदृढ़ करें। विचारों की यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एक-दूसरे के निकट लाए। हम सब मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो। आपका योगी आदित्यनाथ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *