उत्‍तर प्रदेश में भीषण गर्मी का अलर्ट, अब दिन के साथ रात भी होंगी गर्म

उत्‍तर प्रदेश में भीषण गर्मी का अलर्ट, अब दिन के साथ रात भी होंगी गर्म

UP News: उत्‍तर प्रदेश में लोगों को अभी भी भीषण गर्मी का ही सामना करना पड़ेगा। तराई इलाके भी अब लू की चपेट में आने लगे हैं। रविवार को तराई का बहराइच और लखीमपुर समेत पूर्वी यूपी के प्रयागराज, गाजीपुर, वाराणसी लगातार दूसरे दिन लू की चपेट में रहे। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में फिलहाल अगले दो दिन भीषण गर्मी से राहत के संकेत नहीं हैं।

सोमवार के लिए बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी समेत प्रदेश के 39 जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सबसे अधिक तापमान बांदा में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 42.5 डिग्री, वाराणसी में 42.4 डिग्री और झांसी में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

तीन दिनों तक रहेगा गर्मी का प्रकोप

लखनऊ के मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल तीन दिनों तक प्रदेश के पूर्वी और तराई हिस्सों समेत विभिन्न हिस्सों में लू और तेज गर्मी का असर बना रहेगा। इसके बाद मानसूनी सक्रियता का दौर शुरू होने के आसार हैं।

इन जिलों में है लू की चेतावनी

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गौडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर व आस पास के क्षेत्र।

रात में तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा

राजधानी में रविवार को लगातार दूसरे दिन लू जैसी परिस्थितियां रहीं। दोपहर में तीखी धूप के साथ तापमान तेजी से बढ़ा और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। रविवार को बीती रात का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री की बढ़त के साथ 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से करीब चार डिग्री ज्यादा था।

मौसम विभाग ने सोमवार को लखनऊ में लू चलने की आशंका जताई है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हवा में नमी की वजह से इन दिनों गर्मी के साथ उमस हावी है। नमी में कमी होने पर सोमवार को लखनऊ में लू की परिस्थितियां बन सकती हैं। इससे अधिकतम तापमान में भी बढ़त देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *