कुवैत-हैदराबाद इंडिगो फ्लाइट की मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, मिली थी बम से उड़ाने की धमकी

कुवैत-हैदराबाद इंडिगो फ्लाइट की मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, मिली थी बम से उड़ाने की धमकी

Hyderabad Kuwait IndiGo Flight Emergency Landing: कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-1234 को मंगलवार सुबह बम की धमकी के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अधिकारियों के अनुसार, हैदराबाद एयरपोर्ट को एक ईमेल मिला था, जिसमें विमान में बम होने की बात लिखी थी। इसके बाद तुरंत सभी एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, एयरबस A321-251NX विमान रात 1:56 बजे कुवैत से उड़ा था और सुबह 8:10 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान को सुरक्षित तरीके से उतारकर एयरपोर्ट के अलग-थलग इलाके में ले जाया गया है, जहां बम स्क्वायड और सुरक्षा टीमें पूरी जांच कर रही हैं। यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि धमकी की जांच जारी है। अभी तक किसी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है। आगे की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही सामने आएगी।

बम की धमकी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग की 3 बड़ी घटनाएं

12 नवंबर- मुंबई-वाराणसी फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी

12 नवंबर को मुंबई से वाराणसी आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। तत्काल फ्लाइट की वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

19 सितंबर- मुंबई से फुकेट जाने वाली फ्लाइट को बम की धमकी मिली

19 सितंबर को इंडिगो की मुंबई से फुकेट जाने वाली फ्लाइट 6E 1089 को बम की धमकी मिली थी। ये धमकी फ्लाइट के टॉयलेट में एक चिट्ठी पर लिखी थी। धमकी मिलने के बाद फ्लाइट की चेन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

12 जून- एयर इंडिया के विमान की थाईलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग

12 जून को थाईलैंड के फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट AI-379 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यहां प्लेन में बम होने की सूचना मिली थी। विमान में 156 लोग सवार थे। फ्लाइट फुकेट से दिल्ली आ रही थी।

14 से 20 अक्टूबर तक 90+ विमानों को धमकी

देश में लगातार विमानों को बम की धमकी मिल रही है। केंद्र सरकार के डेटा के अनुसार, 14 से 20 अक्टूबर तक 90 से ज्यादा विमानों को बम की धमकी मिली थी। इससे 200 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *