Samajwadi Party MLA Sudhakar Singh Passed Away: मऊ जिले की चर्चित घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके बेटे डॉक्टर सुजीत सिंह ने पिता के निधन की पुष्टि की। उनके निधन पर पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
अखिलेश यादव ने दिवंगत विधायक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भी सुधाकर सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा “घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!”
घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुःखद !
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।
शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो।
भावभीनी श्रद्धांजलि ! pic.twitter.com/9N0njyJwlA
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 20, 2025
इलाज के दौरान हुआ निधन | Samajwadi Party MLA Sudhakar Singh Passed Away
67 वर्षीय सुधाकर सिंह का निधन आज सुबह मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार को इलाज के लिए लखनऊ लाया गया था। सुधाकर सिंह के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
घोसी सीट पर होगा उपचुनाव
विधायक सुधाकर सिंह के निधन के बाद घोसी सीट खाली हो गई हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ही इस सीट पर फिर से उपचुनाव कराए जा सकते हैं। ऐसी परिस्थितियों में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच एक बार फिर से घोसी सीट पर मुकाबला देखने को मिलेगा।

