जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण से जुड़े सभी निर्देश तत्काल वापस ले सरकार: स्वामी प्रसाद मौर्य

जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण से जुड़े सभी निर्देश तत्काल वापस ले सरकार: स्वामी प्रसाद मौर्य

लखनऊ: रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण के विरोध में अपनी जनता पार्टी ने प्रदर्शन किया। पार्टी अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने समर्थकों के साथ दारूलशफा से विधानसभा तक पैदल मार्च शुरू किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग करके थोड़ी दूरी पर ही उन्हें रोक लिया। स्वामी प्रसाद मौर्य अपने समर्थकों के साथ पुलिस बैरिकेडिंग के पास धरने पर बैठ गए। उन्होंने सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक दारुलशफा से विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे। आरएलडी कार्यालय के बाहर पहले से तैनात पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सुनियोजित तरीके से स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई दंडात्मक है और इसका सबसे बड़ा नुकसान वहां पढ़ने वाले छात्रों को उठाना पड़ रहा है।

दांव पर लग गया छात्रों का भविष्‍य

स्वामी प्रसाद मौर्य ने सरकार से जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण से जुड़े सभी निर्देश तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान पर इस तरह की कार्रवाई से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है और शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचता है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई केवल एक संस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे वहां अध्ययनरत छात्रों का भविष्य भी दांव पर लग गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *