UP News: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद और संभल समेत 25 शहरों में बारिश हुई। कानपुर में इतनी बारिश हुई कि घर का आंगन 20 फीट धंस गया। गड्ढे में लड़की गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आज मौसम विभाग ने 53 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इससे पहले, गुरुवार को मुरादाबाद-सीतापुर समेत 61 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 131.6 मिमी बारिश महोबा में रिकॉर्ड हुई।
मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर
इधर, मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर हैं। झांसी में 48 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से सुखनई नदी में अचानक बाढ़ आ गई। मछली पकड़ने गए चार मछुआरे तेज बहाव में फंस गए। किनारे पर लगे एक पेड़ पर चढ़कर मदद की गुहार लगाने लगे। SDRF की टीम ने चारों को बचाया। झांसी में ही उफनाते नाले में वैन बह गई, जिसमें सवार 6 लोगों को लोगों ने बचाया।
वहीं, नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर बुधवार सुबह आई अचानक बाढ़ के बाद शव बहकर यूपी आ रहे हैं। गुरुवार को महराजगंज और कुशीनगर में प्रशासन ने तीन-तीन शवों को गंडक (नारायणी) नदी से बाहर निकाला। अभी तक किसी की पहचान नहीं हो पाई है। रेस्क्यू टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।
31 अगस्त तक बारिश में आएगी कमी
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर बने दबाव के क्षेत्र से अब तक प्रदेश में जमकर मानसूनी बारिश हुई। लेकिन, अब यह सिस्टम आगे बढ़ रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लगेगा। 2-3 दिन यानी 31 अगस्त तक बारिश में कमी आएगी। इसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली
हल्की बारिश
बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और बांदा।
बूंदाबांदी
बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, अमेठी, सुल्तानपुर, फतेहपुर, महोबा, हमीरपुर और ललितपुर।
