नेपाल बाढ़ में अब तक 472 लोगों की मौत, 1500 की तलाश; विदेशी रेस्क्यू टीमों की मदद ठुकराई

नेपाल बाढ़ में अब तक 472 लोगों की मौत, 1500 की तलाश; विदेशी रेस्क्यू टीमों की मदद ठुकराई

काठमांडू: नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर आई भयानक बाढ़ ने नेपाल के रसुवा सहित कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचा दी। बाढ़ और भूस्खलन से दोनों देशों में अब तक 472 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1500 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। इनमें करीब 290 भारतीय भी शामिल हैं।

बाढ़ का पानी तिब्बत की तरफ से नेपाल में आया था और अब जिस झील में पानी जमा है, उसके दोबारा टूटने पर फिर बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है। डोनाल्‍ड ट्रम्प ने नेपाल को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। NBC न्यूज के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि उन्होंने नेपाल के अधिकारियों से बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली है।

नेपाल में

469 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 977 लोग अब भी लापता हैं।

लापता लोगों में 517 विदेशी नागरिक, 45 नेपाली सेना के जवान और 41 नेपाल पुलिसकर्मी शामिल हैं।

तिब्बत में

3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 558 लोग अब भी लापता हैं।

लापता लोगों में 260 विदेशी नागरिक शामिल हैं।

नेपाल ने ठुकराई विदेशी रेस्क्यू टीमों की मदद

नेपाल सरकार ने भारत, चीन, अमेरिका, ब्रिटेन समेत कई देशों की ओर से भेजी गई विदेशी रेस्क्यू टीमों की पेशकश ठुकरा दी है। सरकार का कहना है कि नेपाल की सेना और पुलिस खुद राहत-बचाव अभियान संभालने में सक्षम हैं। यह फैसला नेपाली सेना और पुलिस की सलाह के बाद लिया गया है।

नेपाल के अधिकारियों के मुताबिक, 2015 के भूकंप के दौरान बड़ी संख्या में विदेशी रेस्क्यू टीमों के आने से बचाव अभियान के तालमेल में दिक्कतें आई थीं। इसी को देखते हुए इस बार विदेशी टीमों की जगह आर्थिक मदद लेने का फैसला किया गया है। भारत ने भी NDRF भेजने की पेशकश की थी, जिसे नेपाल ने स्वीकार नहीं किया।

नेपाली सेना ने 1,024 विदेशी नागरिकों को बचाया

नेपाल सेना ने आपदा प्रभावित इलाकों में फंसे 1,024 विदेशी नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया है। बचाव दल अब भी लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाने, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे का जायजा लेने और टूटी सड़कों-पुलों के कारण बाकी इलाकों से कट चुके लोगों तक पहुंचने में जुटे हैं।

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद कई इलाकों में हालात अब भी गंभीर हैं। बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने और सड़कों-पुलों के टूटने से राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।

नेपाल में हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में 100 लोग फंसे

नेपाल में बाढ़ की वजह से त्रिशूली-3ए हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में करीब 100 लोग फंसे हुए हैं। नेपाली सेना की हेलिकॉप्टर रेस्क्यू टीमें उन्हें बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं।

नेपाल सेना के प्रवक्ता राजा राम बसनेत ने AFP को बताया कि फिलहाल सेना का मुख्य फोकस लोगों की तलाश और उन्हें बचाने पर है। उन्होंने कहा कि त्रिशूली-3ए हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में कुछ लोग फंसे हुए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि इलाके से 350 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन करीब 100 लोग अब भी सुरंग में फंसे हुए हैं।

चीन ने तिब्बत से 555 फंसे पर्यटकों को निकाला

तिब्बत में 555 फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। शिन्हुआ न्यूज ने चीनी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। अभी यह पता नहीं है कि तिब्बत से निकाले गए इन 555 पर्यटकों का आंकड़ा नेपाल की ओर से जारी लापता या प्रभावित लोगों के आंकड़ों में शामिल है या नहीं।

शिन्हुआ ने यह नहीं बताया कि बचाए गए पर्यटक किन देशों के नागरिक हैं। भारत, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका ने पहले ही बताया है कि उनके नागरिक इस आपदा के बाद लापता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *