-
इनका मानदेय 30000 करे योगी सरकार: संजय सिंह
Lucknow: आप यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह सोमवार को ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे पंचायत सहायक कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया। संजय सिंह ने कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में पत्र सौंपा और प्रदेश व केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के गांवों में 29 विभागों की रीढ़ बनकर काम करने वाले पढ़े-लिखे नौजवानों को मात्र 6,000 रुपये का मानदेय देकर डबल इंजन सरकार उनका खुला शोषण कर रही है। सरकार को शर्म आनी चाहिए कि जो नौजवान अपने गांव का टॉपर है, उसे मजदूरी से भी कम पैसे दिए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पंचायत सहायकों को तत्काल 30000 रुपये प्रतिमाह का सम्मानजनक मानदेय दिया जाए।
सांसद संजय सिंह ने मानदेय की विसंगति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक विधायक या सांसद शपथ लेते ही लाखों रुपये का वेतन, गाड़ी भत्ता, मेडिकल सुविधा और करोड़ों की निधि पाने लगता है। 40 दिन के लिए भी कोई जनप्रतिनिधि बन जाए तो उसे आजीवन पेंशन मिलती है, लेकिन 40 साल तक जनता की सेवा करने वाले कर्मचारियों की पेंशन सरकार ने छीन ली। संजय सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार के रोजगार के दावों पर कहा, हर साल 2 करोड़ नौकरी और यूपी में 13 लाख नौकरी देने का वादा करने वाले विश्वगुरु नहीं, बल्कि जनता को बेवकूफ बनाने वाले गुरु घंटाल साबित हुए हैं।
