-
12 जिलों के 14 मेडिकल कॉलेजों की टीमें बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स की 10 स्पर्धाओं में ले रही हैं हिस्सा
-
एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड में सुबह 10 बजे हुआ अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट का उद्घाटन
-
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विवि की डीन एफीलिएशंस एंड इंस्पेक्शन डॉ. साधना अवस्थी हुईं उद्घाटन समारोह में शामिल
बरेली: एसआरएमएस इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में रंगारंग कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 का शानदार आगाज हुआ। मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर आदित्य मूर्ति और अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विवि की डीन एफीलिएशंस एंड इंस्पेक्शन डॉ. साधना अवस्थी ने मेडिकल कॉलेज स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड में सुबह 10 बजे इसका उद्घाटन किया। दोनों ने संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण में खेलों की भूमिका को अहम बताया और विद्यार्थियों को खेल भावना को प्राथमिकता देने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का संदेश दिया।
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय की ओर से एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में हो रहे अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 के उद्घाटन समारोह में आदित्य मूर्ति ने टीम भावना, सहयोग, सामंजस्य और सहभागिता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति हमारा आरंभ से ही रुझान रहा है। प्रति वर्ष यहां पर कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विवि ने मेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थियों के बीच पहली बार खेल प्रतियोगिता आयोजित करने का फैसला किया। इसके आयोजन की जिम्मेदारी हमें प्रदान की गई। इसके लिए विवि प्रशासन का आभार। खेलों के जरिये भविष्य के चिकित्सकों का एक मंच पर आना बेहद महत्वपूर्ण बात है। मेडिकल के विद्यार्थियों के बीच इससे खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा।

हार–जीत के बीच यहां पर एक–दूसरे से सीखिए: डॉ. साधना
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विवि की डीन एफीलिएशंस एंड इंस्पेक्शन डॉ. साधना अवस्थी ने कहा कि हॉस्पिटल, वार्ड, लैक्चर रूम से निकल कर खेल के मैदान में चिकित्सकों के साथ मेडिकल के युवा विद्यार्थियों को देखना बेहद सुखद और सौभाग्य की बात है। खेल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं यह सब जानते हैं। इसके साथ संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण में भी खेलों की अहम भूमिका है। हार-जीत के बीच यहां पर एक दूसरे से सीखिए, संबंध बनाइए और टीम के साथ मिल कर अंडर प्रेशर में एक लक्ष्य के लिए काम करना सीखिए।
इससे पहले श्रीराम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के फुटबॉल ग्राउंड में सुबह दस बजे आदित्य मूर्ति ने अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय (एबीवीएमयू) के कुलगीत और संस्थान गीत के बाद एबीवीएमयू और एसआरएमएस आईएमएस का ध्वजारोहण किया और दो दिवसीय अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 के आरंभ होने की घोषणा की। सभी ने आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़ कर बुलंदियों को छूने का संदेश दिया।
इन्होंने जलाई मशाल
आदित्य मूर्ति और अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विवि की डीन एफीलिएशंस एंड इंस्पेक्शन डॉ. साधना अवस्थी ने ख्याति (एमबीबीएस 2023 बैच), भावेश जोशी (एमबीबीएस 2023 बैच), निधि साहू (एमबीबीएस 2024 बैच) और आर्यन त्रिपाठी (एमबीबीएस 2023 बैच) द्वारा लाई गई मशाल से ज्योति प्रज्वलित की और विभिन्न कॉलेजों की टीमों के खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली। सभी टीमों के ध्वज धारक को आर्यन त्रिपाठी ने खेल भावना की शपथ दिलाई।

मेडिकल के विद्यार्थियों ने कौशल को दिखाते हुए ड्रिल के दौरान विभिन्न तरीके के पिरामिड बना कर विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक दृढ़ता का संदेश दिया। इसके बाद विभिन्न स्पर्धाएं आरंभ हो गईं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार (27 नवंबर 2026) को सभी स्पर्धाओं के विजेताओं की घोषणा के साथ पुरस्कृत किया जाएगा।
डॉ. बुटोला ने किया सभी का स्वागत
एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ. एमएस बुटोला ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बीमारियों के न होने का अर्थ ये नहीं कि हम स्वस्थ हैं। स्वस्थ होने के लिए तनाव मुक्त रहने के साथ सक्रिय जीवन शैली आवश्यक है। लेकिन डॉक्टरों की दिनचर्या बेहद व्यस्त होने के साथ ही तनाव से भी जुड़ी है। स्वस्थ रहना हेल्थ केयर सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए बेहद जरूरी है। मरीजों को स्वस्थ रखने के लिए हम भी खुद को स्वस्थ रखें। इसमें खेल स्पर्धाएं अहम भूमिका निभाती हैं। तनाव मुक्त करने के साथ ही खेल स्पर्धाएं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ ही पारस्परिक संबंध बढ़ाती हैं। अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 में आपका शामिल होना इस दिशा में पहला कदम है। डीन यूजी डॉ. बिन्दु गर्ग ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा और आभार जताया। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ चरित्र निर्माण में खेलों की अहम भूमिका है। ऐसे में आप सबका खेल प्रतियोगिता में शामिल होने अच्छी बात है। उद्घाटन समारोह का संचालन एमबीबीएस 2023 बैच के विद्यार्थी साक्षी निगम और आकर्ष प्रधान ने किया।
उद्घाटन समारोह में एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. आरपी सिंह, वाइस प्रिंसिपल डॉ. रोहित शर्मा, डीन पीजी, डॉ. एसके सागर, डीएसडब्ल्यू डॉ. क्रांति कुमार, सभी विभागाध्यक्ष, एसआरएमएस सीईटी के प्रिंसिपल डॉ. प्रभाकर गुप्ता, डीन डॉ. शैलेश सक्सेना, स्पोर्ट्स अधिकारी डॉ. नितिन सक्सेना, शंकर पाल गंगवार और अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 की संचालन समितियों से संबद्ध सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

इन प्रतियोगिताओं में शामिल हो रहे हैं 14 मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विवि के स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 में लखनऊ, आगरा, मेरठ, जालौन, औरैया, हापुड़, एटा, बहराइच, कानपुर देहात, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बरेली स्थित 14 मेडिकल कॉलेजों के छात्र और छात्राओं की टीमें बैडमिंटन, वालीबॉल, बास्केटबॉल के साथ एथलेटिक्स की 10 स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ के साथ 100 गुणा चार मीटर रिले, लांग जंप, हाई जंप, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट और जैवलिन शामिल है।
14 मेडिकल कॉलेजों में पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर आटोनामस स्टेट मेडिकल कॉलेज (पीएलडीएएच एएसएमसी) औरैया, सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज हापुड़, सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज आगरा, आटोनामस स्टेट मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर, आटोनामस स्टेट मेडिकल कॉलेज पीलीभीत, प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज लखनऊ, वीरांगना अवंती बाई लोधी आटोनामस स्टेट मेडिकल कॉलेज एटा, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जालौन, नेशनल कैपिटल रीजन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज मेरठ, आटोनामस स्टेट मेडिकल कॉलेज कानपुर देहात, रामा मेडिकल कॉलेज हापुड़, सरदार पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजूकेशन एंड हेल्थ साइंसेज लखनऊ, राजश्री मेडिकल कॉलेज बरेली और एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज बरेली शामिल हैं।
