UP News: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे रायबरेली पहुंचे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने के लिए आजाद समाज पार्टी की भूमिका बहुत अहम है। अगर विपक्ष भाजपा को हराना चाहता है, तो आजाद समाज पार्टी को साथ लिए बिना यह संभव नहीं है। हमारी पार्टी को साथ लेना ही पड़ेगा।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि विपक्षी गठबंधन कई बार पीठ पर छुरा घोंपने का काम करता है। इसके बावजूद हमारी पार्टी का संघर्ष और जमीनी कार्यकर्ता पूरी मजबूती से डटे हुए हैं।भीम आर्मी चीफ प्रयागराज जाते समय रायबरेली के सारस चौराहे पर रुके। यहां वीरांगना महारानी झलकारी बाई की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया। इसके बाद करीब 5 मिनट तक मीडिया से बातचीत की।
पोस्टर वार पर भाजपा को घेरा
चंद्रशेखर आजाद ने रायबरेली सांसद राहुल गांधी के बरी होने को लेकर कहा कि कोर्ट का फैसला है।हम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं। चंद्रशेखर आजाद ने रायबरेली और सुल्तानपुर समेत विभिन्न जिलों में लगे होर्डिंग्स और 200 सीटें जीतने के दावों पर कहा कि यदि भाजपा इस तरह के हथकंडे अपना रही है तो इस पर नजर रखनी चाहिए और सावधानी बरतनी चाहिए।
2027 के चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने संकेत दिया कि एमएलसी चुनाव से ही सरकार के प्रभाव और जमीनी हकीकत का अंदाजा लगाया जा सकता है। हमारी पार्टी के जुझारू कार्यकर्ता और माता-बहनों का आशीर्वाद आजाद समाज पार्टी के साथ है।
स्वामी प्रसाद के बयानों को नहीं सुनता
स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा ‘INDI’ गठबंधन पर भरोसा जताए जाने के सवाल पर चंद्रशेखर ने तंज कसते हुए कहा- मैं ऐसे बयानों और नेताओं को ज्यादा तवज्जो नहीं देता। अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी के बयानों से जुड़े सवाल पर कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन यदि कोई बयान देता है, तो उसे पलटवार के लिए भी तैयार रहना चाहिए।
हमारी पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की मजबूती के सहारे यहां तक पहुंची है। पार्टी का असली आधार उसका समर्पित कार्यकर्ता होता है और रायबरेली में पार्टी संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता की लड़ाई लड़ेगा।
