Lucknow News: यूपी में गोमती नदी के संरक्षण, जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देने और पारिस्थितिक संतुलन को मजबूत करने के उद्देश्य से लखनऊ में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजधानी में लक्ष्मण पार्क के पास आयोजित रिवर रैंचिंग एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपत्नीक सहभागिता की। इस दौरान उनके साथ राज्य के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति में गोमती नदी में भारतीय मेजर कार्प मछलियों के बच्चों को छोड़ा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि नदियां हमारी प्राकृतिक धरोहर और सांस्कृतिक जीवनरेखा हैं। गोमती नदी की निर्मल धारा और इसके जलीय जीवों की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि नदियां पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ लाखों लोगों की आजीविका का मुख्य आधार भी हैं। सरकार नदी संरक्षण और पर्यावरणीय स्थिरता को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और रिवर रैंचिंग जैसी पहलें नदियों में मछलियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बेहद कारगर साबित हो रही हैं।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने भी विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विशेष सचिव (मत्स्य) सुनील कुमार, संयुक्त निदेशक अनिल कुमार, संयुक्त निदेशक (प्रशासन) अरुण कुमार, उप निदेशक (मुख्यालय) पुनीत कुमार, उप निदेशक (नियोजन) एजाज अहमद नकवी और उप निदेशक (सांख्यिकी) उग्रसेन सिंह समेत कई वरिष्ठ विभागीय अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
