माइक्रोसॉफ्ट कर्मचारियों को पैसे लेकर नौकरी छोड़ने का ऑफर, दायरे में भारतीय भी

माइक्रोसॉफ्ट कर्मचारियों को पैसे लेकर नौकरी छोड़ने का ऑफर, दायरे में भारतीय भी

Microsoft India Layoffs: दुनिया की दिग्‍गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने लगभग 60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया है। कंपनी ने इसके बदले ग्रेड के मुताबिक, एक साल तक की सैलरी एकमुश्त देने की बात कही है। कंपनी AI और सिस्टम बनाने में हुए खर्च की भरपाई के लिए कर्मचारियों की संख्या कम करने जा रही है। कंपनी में कुल 2.23 लाख कर्मचारी हैं, जिनमें 23 हजार भारत में हैं।

माइक्रोसॉफ्ट भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के लेवल 70 या उससे नीचे के पद पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए यह स्कीम लाई है। इनमें से कितनों को ऑफर मिलेगा, यह साफ नहीं है। कंपनी ने कहा है कि एलिजिबल कर्मचारियों को अगले कुछ घंटे में ईमेल भेजा जाएगा। इस पर 1 दिसंबर तक फैसला करना होगा।

मई-जुलाई 2025 में भी की थी छंटनी

माइक्रोसॉफ्ट ने मई और जुलाई 2025 में करीब 15 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था। इसके बाद जुलाई 2026 में भी कंपनी ने करीब 4,800 पद खत्म किए। यानी इन तीनों दौर में कुल मिलाकर करीब 20 हजार नौकरियों पर असर पड़ा।

माइक्रोसॉफ्ट एग्जिट ऑफर

सैलरी पैकेज

लेवल 64 और नीचे: हर 6 महीने के काम पर 1 हफ्ते की बेसिक सैलरी (अधिकतम 39 हफ्ते)

लेवल 65 से 67: हर 6 महीने के काम पर 2 हफ्ते की सैलरी (अधिकतम 39 हफ्ते)

लेवल 68: पूरे 12 महीने की सैलरी

अन्य सुविधाएं

कंपनी शेयर्स: सर्विस के आधार पर 6 से 12 महीने तक शेयर्स का फायदा

हेल्थ इंश्योरेंस: नौकरी छोड़ने के बाद भी तय समय तक मेडिकल कवर जारी

लेवल 70

पैकेज की शर्तें गोपनीय: अधिकारियों को सीधे ईमेल से भेजी जाएंगी।

(सोर्स: बिजनेस इनसाइडर / CNBC रिपोर्ट)

लेवल 70 से ऊपर सीनियर पद, उनकी छंटनी नहीं

माइक्रोसॉफ्ट में शुरुआती पद लेवल 59 से शुरू होते हैं और सीनियर पद लेवल 70 से ऊपर होते हैं। यह कंपनी के जूनियर, मिड-लेवल और सीनियर स्तर के कर्मचारियों का कैडर होता है। इसमें सीनियर डायरेक्टर, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, सीनियर इंजीनियर, प्रोजेक्ट मैनेजर, टीम लीडर और मिड-लेवल मैनेजर्स शामिल होते हैं।

वॉलेंटरी एग्जिट ऑफर का क्या मतलब है?

जो लोग ऑफर नहीं लेंगे, वे अपनी मौजूदा भूमिकाओं में काम करते रहेंगे या कंपनी उन्हें कोई दूसरा प्रोजेक्ट/टीम असाइन कर सकती है। यदि कंपनी वॉलेंटरी ऑफर से अपना खर्च घटाने का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाती है, तो आने वाले समय में वह जबरन छंटनी का कदम उठा सकती है। उस स्थिति में नौकरी जाने पर कर्मचारियों को वॉलेंटरी एग्जिट जितना बेहतर फाइनेंशियल पैकेज नहीं मिलता है।

CPO बोलीं– यह नया प्रयोग, इससे सीखेंगे

माइक्रोसॉफ्ट की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने कहा कि वॉलंटरी एग्जिट ऑफर हमारे लिए एक नया अनुभव है और हम इससे बहुत कुछ सीखेंगे। साथ ही, हमारा ध्यान इस बात पर रहेगा कि लोग अपने सबसे जरूरी काम पर फोकस कर सकें, नई चीजें सीखें और जहां संभव हो, माइक्रोसॉफ्ट के अंदर ही नए मौकों की तलाश करें। हर टीम या हर कर्मचारी के लिए एक ही नियम लागू नहीं हो सकता।

ये कुछ ऐसे तरीके हैं जिनसे हम बिजनेस की अलग-अलग जरूरतों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि हमारे अपने लोगों को आगे बढ़ने और योगदान देने का मौका मिलता रहे। मेरा वादा है कि मैं आगे भी आपको हर बात साफ-साफ बताती रहूंगी, आपकी बात सुनूंगी और लगातार सुधार करती रहूंगी। आप हमारे ग्राहकों, माइक्रोसॉफ्ट और एक-दूसरे के लिए जो भी कर रहे हैं, उस सब के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *