Ram Mandir Donation Case: ट्रस्ट में कलह, आरोपियों के घरों पर बुलडोजर की तैयारी और SIT की जांच तेज

Ram Mandir Donation Case: ट्रस्ट में कलह, आरोपियों के घरों पर बुलडोजर की तैयारी और SIT की जांच तेज

Ram Mandir Donation Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में अब ट्रस्ट के सदस्यों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। पहली बार राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज ने पूर्व पदाधिकारी गोपाल राव पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूरी गलती गोपाल राव की है। वे राजनीति कर रहे हैं। वो सबको उलझा देते हैं। वो राम की परंपरा नहीं मानते। गोपाल राव राम मंदिर के निर्माण प्रभारी और ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य थे। मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले हैं।

सूत्रों के मुताबिक, चढ़ावा चोरी के आरोपियों के खिलाफ सरकार सख्त एक्शन लेने जा रही है। प्रशासन ने आरोपियों के नए घरों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने ऐसे घरों की पहचान कर ली है, जिनका नक्शा पास नहीं है या जिन्होंने नियम तोड़े। उन आरोपियों के घर रडार पर हैं, जो उन्होंने मंदिर में नौकरी के बाद बनवाए। आरोपी लवकुश मिश्रा का शहादतगंज में बन रहा मकान और अनुकल्प मिश्रा का कौशल पुरी स्थित मकान पर बुलडोजर चल सकता है। अयोध्या विकास प्राधिकरण यानी ADA आज ही इनको नोटिस भेज सकता है।

आज ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा से पूछताछ संभव

पुलिस ने अयोध्या जेल में 30 जून को आरोपी अविनाश शुक्ला से पूछताछ की थी, अब आगे जांच कर रही है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से रविवार को 3 घंटे पूछताछ हो चुकी है। अब उसे क्रॉस चेक करने के लिए अनिल मिश्रा से आज पूछताछ हो सकती है। आरोपियों लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा की नियुक्ति में उनके रोल की पड़ताल करेगी।

चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। यूपी सरकार ने 13 जून को SIT बनाई। 25 जून को FIR हुई। रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी दिन मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया।

मंत्री दयाशंकर सिंह बोले- जांच ठीक से हो, इसलिए SIT जांच का समय बढ़ाया

प्रदेश में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा- जिसके लिए 500 वर्षों से संघर्ष चल रहा था, जिसके लिए लाखों लोगों ने अपना जीवन समर्पित कर दिया, उसके बाद अवसर आया और राम मंदिर बना। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और नेता आज तक वहां दर्शन करने के लिए नहीं गए, तो वो इस पर प्रश्न करने वाले कौन होते हैं? जांच और सुव्यवस्थित तरीके से हो, इसके लिए SIT जांच का समय बढ़ाया गया है।

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल बोले- दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा- मैं हर प्रकार के अपराध को अपराध मानता हूं। इस प्रकार के अपराध को लोग भावनात्मक रूप से थोड़ा गंभीर अपराध मानते हैं। SIT की जांच हो रही है। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

मंत्री धर्मवीर प्रजापति बोले- सभी तथ्य सामने आएंगे और कार्रवाई होगी

यूपी सरकार के मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा- इसमें जांच चल रही है। कार्रवाई भी हो रही है। SIT की टीम को जांच करने के लिए और समय दिया गया है। सभी तथ्य सामने आएंगे और कार्रवाई होगी।

यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे

यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- विपक्ष का काम सवाल खड़ा करना है। SIT की जो भी रिपोर्ट आएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास बोले- गोपाल राव राम की परंपरा भी नहीं मानते

अयोध्या राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज ने कहा- गोपाल राव सबको उलझा देते हैं। उत्तर प्रदेश में हमारे ट्रस्टी राम की परंपरा मान रहे हैं। गोपाल राव राम की परंपरा भी नहीं मानते। पूरी गलती गोपाल की ही है। वे राजनीति कर रहे हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी की रिपोर्ट मोहन भागवत को भेजी गई

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की रिपोर्ट राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को भेज दी गई है। यह रिपोर्ट पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार ने तैयार की थी। संघ प्रमुख के कहने पर उन्होंने अयोध्या में तीन दिन का प्रवास किया था।

सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र प्रचारक ने अपनी रिपोर्ट में राम मंदिर की व्यवस्थाओं, ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और चढ़ावा चोरी का पूरा ब्योरा दिया है। अयोध्या में 06 जुलाई को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बड़ी बैठक होने वाली है। दावा किया जा रहा है कि संघ की रिपोर्ट के आधार पर आने वाले दिनों में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *