UP News: उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। सहारनपुर में मंगलवार तड़के चार बजे बारिश हुई। दो घंटे की मूसलाधार बारिश से सड़कों पर 2-3 फीट तक जलभराव हो गया। डीएम ऑफिस कैंपस में घुटनों तक पानी भर गया। ऑफिसर्स कॉलोनी में भी पानी घुस गया, जहां जिला जज, कमिश्नर, नगर आयुक्त जैसे बड़े अफसरों के आवास हैं। शहर की ज्यादातर कॉलोनियां तालाब बन गईं। घरों-दुकानों में पानी घुस गया है।
वहीं, नोएडा, मेरठ, मुरादाबाद, बिजनौर और शामली समेत 10 शहरों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 7 जिलों में बहुत भारी और 53 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। कल यानी सोमवार को गोरखपुर, बाराबंकी समेत 25 से ज्यादा शहरों में बारिश हुई। वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास 45 साल पुराना पीपल का पेड़ गिर गया, जिसके नीचे दबकर 2 कारें चकनाचूर हो गईं।
उफनाते नाले में गिरे बच्चे की मौत
रामपुर में घर के बाहर खेल रहे दो बच्चे उफनाते नाले में गिर गए। एक को बचा लिया गया। दूसरे की मौत हो गई। उधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश से गंगा, यमुना, घाघरा, सरयू नदियां उफान पर हैं। लखीमपुर खीरी में कटान से 120 बीघा गन्ने की फसल शारदा नदी में समा चुकी है। बलिया में सरयू का पानी गांवों में घुस गया है। लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने को मजबूर हैं।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी रेखा एक बार फिर से यूपी की तरफ बढ़ रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी और मजबूत हो रहा है। इस वजह से यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बढ़िया बारिश के आसार बन रहे हैं। 30 जुलाई तक यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम तो कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है।
इन जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सोनभद्र।
भारी बारिश
शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, संभल, बदांयू, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, लखीमपुर खीरी, हरदोई, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, सीतापुन लखनऊ, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, मिर्जापुर, भदोही, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर।
हल्की बारिश
सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, संत कबीर नगर गोरखपुर, देवरिया, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर।
