Prateek Yadav: सियासत से दूर, जिम के मालिक और महंगी गाड़ियों के शौकीन, ऐसा था लाइफस्टाइल

Prateek Yadav: सियासत से दूर, जिम के मालिक और महंगी गाड़ियों के शौकीन, ऐसा था लाइफस्टाइल

Prateek Yadav: यूपी की राजनीति में बुधवार सुबह एक दुखद खबर सामने आई। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति, प्रतीक यादव का 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लखनऊ के सिविल अस्पताल में सुबह लगभग छह बजे उन्हें इमरजेंसी में लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। हालांकि, उनकी मृत्यु का सटीक कारण अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अस्पताल प्रशासन द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। प्रतीक यादव अपने पीछे अपनी पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।

राजनीति से दूर रहते थे प्रतीक यादव

प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। सपा प्रमुख अखिलेश के सौतेले भाई थे। प्रतीक का जन्म सात जुलाई 1987 को राजधानी लखनऊ में हुआ था। प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते थे। उनकी शादी अपर्णा यादव से हुई थी, उनकी दो बेटियां भी हैं। लखनऊ में जन्मे प्रतीक की शुरुआती शिक्षा यहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए ब्रिटेन का रुख किया। प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से ‘मैनेजमेंट’ की डिग्री हासिल की। भारत लौटने पर, स्वाभाविक रूप से यह उम्मीद की जा रही थी कि वे भी पारिवारिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए राजनीति में सक्रिय होंगे। हालांकि, प्रतीक के इरादे कुछ और ही थे।

लखनऊ में एक आधुनिक जिम की स्थापना की

फिटनेस के प्रति अपने जुनून को एक पेशेवर दिशा देते हुए, प्रतीक यादव ने लखनऊ में एक आधुनिक जिम की स्थापना की है। यह जिम युवाओं को स्वास्थ्य और शारीरिक तंदुरुस्ती के प्रति जागरूक करने का एक केंद्र बन गया है। वे अक्सर सोशल मीडिया पर अपने वर्कआउट वीडियो और तस्वीरें साझा करते थे, जो बड़ी संख्या में युवाओं को प्रेरित करते थे। प्रतीक यादव को महंगी गाड़ियों को शौक था। उन्होंने करीब पांच करोड़ रुपये की लैम्बोर्गिनी खरीदी थी। इसे खरीदने के बाद काफी चर्चा में आए थे। वो जीव आश्रय नामक संस्था का भी संचालन करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *