Bank Strike 2026 Update: अगर बैंक से जुड़ा आपका कोई काम अगर पेंडिंग है तो उसे आज ही निपटा लें। रविवार (27 सितंबर) की छुट्टी होने के बावजूद सरकारी बैंक खुले हैं। सोमवार से बुधवार तक बैंक बंद रहेंगे। बैंक कर्मचारी हफ्ते में दो दिन छुट्टी की मांग को लेकर अगले तीन दिन हड़ताल करेंगे।
रविवार को आम लोगों के लिए बैंक खुलने का मौका 10 साल बाद आया है। इससे पहले, 2016 में नोटबंदी के बाद 14 नवंबर को रविवार के दिन बैंक खुले थे। तब पुराने 500 और 1000 के नोट बदलने, जमा करने और कैश निकालने के लिए लोग बैंकों में लाइन में लगे थे। भीड़ संभालने के लिए सरकार ने रविवार को भी बैंक खोलने का फैसला लिया था।
28, 29 और 30 सितंबर हड़ताल की वजह से सभी बैंक बंद रहेंगे
ये सर्विस बंद रहेंगी
चेक क्लीयरेंस
कैश डिपॉजिट
फिजिकल डॉक्यूमेंटेशन
ये सर्विस चालू रहेंगी
मोबाइल बैंकिंग
इंटरनेट बैंकिंग
UPI
ATM
डिपॉजिट मशीन
ATM से कैश निकालने पर कोई चार्ज नहीं
बैंक हड़ताल के दौरान SBI और PNB सहित सभी सरकारी बैंकों के ATM से मंथली फ्री लिमिट खत्म होने के बाद भी कैश निकालने पर कोई चार्ज नहीं लगेगा। RBI के नियमों के मुताबिक, अभी अपने बैंक के ATM से हर महीने 5 बार फ्री में कैश निकाल सकते हैं। दूसरे बैंक के ATM से दिल्ली, मुंबई जैसे मेट्रो शहरों में महीने में 3 बार और छोटे शहरों में 5 बार फ्री ट्रांजेक्शन की लिमिट है।
अगर आप एक महीने में लिमिट से ज्यादा बार ATM से कैश निकालते हैं, तो हर बार ₹23 + GST चार्ज कटता है। इसके अलावा जब आप ATM का इस्तेमाल करते हैं, तो बैंक भी एक-दूसरे को फीस देते हैं- कैश निकालने पर 19 रुपये और बैलेंस चेक करने पर 7 रुपये।
इन बैकों के ATM से कैश निकालना फ्री
भारतीय स्टेट बैंक
पंजाब नेशनल बैंक
बैंक ऑफ बड़ौदा
कैनरा बैंक
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया
बैंक ऑफ इंडिया
इंडियन बैंक
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
इंडियन ओवरसीज बैंक
यूको बैंक
बैंक ऑफ महाराष्ट्र
पंजाब एंड सिंध बैंक
हड़ताल पर अड़ीं यूनियन, 90% कर्मचारी शामिल होंगे
वित्तीय सेवा विभाग, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक प्रबंधन की हड़ताल टालने अपील को यूनियनों ने ठुकरा दिया है। हड़ताल में देश की 7 बड़ी बैंक यूनियनें शामिल होंगी, जिनसे लगभग 90% से ज्यादा बैंक कर्मचारी जुड़े हैं। इनमें AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC शामिल हैं।
यूनियंस का कहना है कि जब तक सरकार हफ्ते में 5-डे वर्किंग लागू करने की कोई पक्की तारीख तय नहीं कर देती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
