संभल में ढहाया जा रहा ईदगाह-इमामबाड़ा, डीएम बोले- बुलडोजर का खर्च भी कब्‍जेदारों से वसूलेंगे

संभल में ढहाया जा रहा ईदगाह-इमामबाड़ा, डीएम बोले- बुलडोजर का खर्च भी कब्‍जेदारों से वसूलेंगे

UP News: संभल में ईदगाह और इमामबाड़े पर गुरुवार सुबह 8 बजे से बुलडोजर की कार्रवाई चल रही है। ईदगाह गिरा दिया गया है। इमामबाड़े को चार बुलडोजरों से तोड़ा जा रहा है। मौके पर पांच थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। इसी बीच, गांव के लोग मौके पर जुट गए। विरोध की आशंका को देखते हुए अफसरों ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया।

प्रशासन के अनुसार, करीब 7 बीघा चारागाह की जमीन पर ईदगाह और खाद गड्ढे की भूमि पर इमामबाड़ा बनाया गया था। गांव वालों की शिकायत के बाद लेखपाल स्पर्श गुप्ता ने 18 जनवरी को तहसीलदार कोर्ट में अपील दायर की थी। 31 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर नोटिस अखबार में छपवाया गया। कहा गया कि जो भी कब्जेदार हैं, वे सामने आएं। हालांकि, कोई भी सामने नहीं आया।

डीएम बोले– जमीन की कीमत साढ़े 6 करोड़

वहीं, जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि बुलडोजर का खर्च भी कब्जेदारों से वसूला जाएगा। करीब 7 बीघा जमीन पर 12 साल पहले अवैध कब्जा कर इमामबाड़ा, ईदगाह समेत कई निर्माण किए गए थे। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब साढ़े 6 करोड़ रुपये है। जमीन को खाली कराकर आम जनता के उपयोग में लाया जाएगा, क्योंकि पास में ही एक मेडिकल कॉलेज भी स्थित है।

डीएम ने बताया कि शासन ने लैंड बैंक बनाने का आदेश दिया है, ताकि आम जनता के सार्वजनिक कार्यों के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा सके। इसी क्रम में गुरुवार को तहसीलदार कोर्ट के निर्देश पर दो अलग-अलग सरकारी जमीनों से अवैध निर्माण हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जेदारों को अपील के लिए जो समय दिया गया था, वह पूरा हो चुका है। इसके बाद बुलडोजर से कार्रवाई की जा रही है, जिसका खर्च भी अवैध कब्जेदारों से ही वसूला जाएगा।

महिला बोली– मस्जिद ही क्यों, सरकारी जमीन पर बने मंदिर भी गिराए जाएं

ग्रामीण जुबैदा ने कहा कि यह कार्रवाई रुकनी चाहिए। यहां इमामबाड़े और ईदगाह से सभी को सुविधा मिलती थी। गरीबों की बारातें भी यहीं रुकती थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकारी जमीन पर निर्माण का मामला है, तो मंदिर भी तो सरकारी जमीन पर बने हैं, लेकिन कार्रवाई सिर्फ मस्जिदों पर हो रही है। उन्होंने कहा कि जब कानून सबके लिए एक है, तो कार्रवाई मंदिरों पर भी होनी चाहिए।

संभल के बिछोली गांव का मामला

गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोग छैनी-हथौड़ी से इमामबाड़े को तोड़ रहे थे। हालांकि, प्रशासन ने उन्हें हटा दिया। मामला कोतवाली संभल क्षेत्र के बिछोली गांव का है।

वहीं, नगर पालिका परिषद संभल के जेसीबी ऑपरेटर सौरभ सिरसवाल के दाहिने हाथ में चोट आई है। इमामबाड़े की दीवार को तोड़ते समय दीवार अचानक जेसीबी के ऊपर गिर गई। जेसीबी का शीशा टूट गया। मशीन को भी नुकसान हुआ। घटना के बाद मशीन खराब हो गई। उसे वापस भेज दिया गया है।

डीएम और एसपी पहुंचे, कार्रवाई की रिपोर्ट ली

दोपहर 12 बजे डीएम राजेंद्र पेंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की टीमों से ढांचों को गिराए जाने की कार्रवाई की रिपोर्ट ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम निधि पटेल ने बताया कि चारागाह और गढ्‌ढे की जमीन पर अतिक्रमण करके निर्माण कराए गए थे। आज तहसीलदार कोर्ट के आदेश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

पांच थानों की फोर्स, SDM-नायब तहसीलदार मौके पर

जिस गांव में बुलडोजर चल रहा है, वहां 5 थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी PAC तैनात की गई है। SDM निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *