-
केंद्रीय मंत्री की दो टूक- यूपी में बात न बनी तो अकेले लड़ेगी आरपीआई
UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सत्तारूढ़ भाजपा को सहयोगी दलों ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आरपीआई भाजपा से विधानसभा की 25 सीटें मांगेगी। यह खुलासा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने किया है। मुरादाबाद में उन्होंने चेताया कि यदि इतनी सीटों पर बात नहीं बनी तो पार्टी अपने दम पर मैदान में उतरेगी। वहीं उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 19 नवंबर को लखनऊ में रैली कर आरपीआई शक्ति प्रदर्शित करेगी। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भी इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी सिर्फ जनता को भड़काने का काम कर रहे हैं। वे संसद में हंगामा करते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मायावती ने भतीजे आनंद को भी पार्टी से निकाल दिया। वह अच्छा काम कर रहे थे। आरपीआई आनंद को अपने साथ लेने के लिए तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा ने आरपीआई (रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया) के चुनाव चिह्न हाथी का अतिक्रमण किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। चीन हमारे बार्डर पर नहीं आएगा। भारत ने सभी देशों से समन्वय स्थापित किया है। इसी कारण व्यापार भी बढ़ेगा। कांग्रेस के पास विरोध के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। वह केवल शोर मचा रही है।
