Rakshabandhan 2026: रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार (28 अगस्त) को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने के लिए सैफई स्थित पार्टी कार्यालय में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले मिलन समारोह में आसपास के जनपदों से पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं महिलाएं और युवतियां राखी लेकर अखिलेश यादव से मिलने के लिए कतार में लगी रहीं।
अखिलेश यादव ने बहनों से राखी बंधवाई और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उनकी सुरक्षा में तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने भी अखिलेश यादव को राखी बांधी। उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों से स्नेहपूर्वक मुलाकात की। इस दौरान पार्टी कार्यालय में रक्षाबंधन का माहौल पारिवारिक और उत्सवमय नजर आया। हर वर्ष की तरह इस बार भी रक्षाबंधन पर पार्टी कार्यालय में आगंतुकों के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। लोगों को पानी की बोतलें और मिठाई के डिब्बे वितरित किए गए। दूर-दराज से पहुंचे समर्थक अखिलेश यादव से मुलाकात कर उत्साहित नजर आए। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं
अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एक ओर लोग त्योहार की खुशियां मना रहे हैं, वहीं मित्र देश नेपाल में त्रासदी आई है। भारत सरकार को नेपाल की मदद के लिए आगे आना चाहिए। अखिलेश यादव ने महंगाई और चीनी के बढ़ते दामों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुनाफाखोरी कर रही है, जिसका असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।
"मैं रक्षाबंधन त्यौहार की बधाई देना चाहता हूं, यह ऐसा त्यौहार है जहां भाई संकल्प लेता है अपनी बहनों की रक्षा के लिए। हम संकल्प यह भी लेते हैं कि आने वाले समय में बेटियों महिलाओं के बीच जो असुरक्षा की भावना है वह खत्म की जाए।"
– माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी, सैफई pic.twitter.com/FRv0nDDp5p
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) August 28, 2026
करीब एक बजे अखिलेश यादव सैफई से इटावा के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, विधायक तेज प्रताप यादव, पूर्व मंत्री अशोक यादव, एमएलसी मुकुल यादव, पूर्व सांसद राम सिंह शाक्य, राजवीर सिंह यादव (राजकीय ठेकेदार, नगला तेज), भारत सिंह यादव (ठेकेदार, खदरी), रामबाबू यादव (प्रधान, बघुईया), राधाकृष्ण यादव (प्रधान) सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
