Mirzapur Road Accident: मिर्जापुर जिले में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें बोलेरो सवार नौ लोग जिंदा जल गए। हादसा रात 9.30 बजे मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर हुआ। पुलिस के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया। वो बेकाबू हो गया। ट्रक ने आगे चल रही बोलेरो और स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। दोनों गाड़ियां आगे चल रहे एक ट्राले से जा टकरा गईं।
रफ्तार तेज होने की वजह से टक्कर के बाद बोलेरो उछलकर अलग हो गई। तेज धमाके के साथ उसमें आग लग गई। जबकि, स्विफ्ट कार ट्रक और ट्राले के बीच में फंस गई। आग इतनी भीषण थी कि बोलेरो सवार नौ लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इसमें एक ही परिवार के आठ लोग और एक ड्राइवर था।
शवों को पहचानना भी हुआ मुश्किल
शव इतनी बुरी तरह से जल गए कि उन्हें पहचानना मुश्किल हो गया। परिवार मैहर से आठ साल के बेटे का मुंडन कराकर लौट रहा था। इसके अलावा स्विफ्ट कार के ड्राइवर और ट्राले के क्लीनर की भी मौत हो गई। हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना के नरैना गांव (मिर्जापुर) के रहने वाले थे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू किया।
जिसका मुंडन कराने गए थे, उस बच्चे की भी मौत
मिर्जापुर डीएम पवन कुमार गंगवार ने बताया कि जिगना थाने नरैना निवासी अरुण सिंह का परिवार 8 साल के बेटे शिवा का मुंडन कराने मैहर गया था। हादसे में शिवा और उसकी मां वंदना की भी मौत हो गई है। इसके अलावा उनके रिश्तेदार पति-पत्नी और उनकी बेटी की भी मौत हो गई।


