UP News: समाजवादी पार्टी के प्रमुख व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लोकतंत्र रक्षक सेनानियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार आने पर इन सेनानियों की सम्मान राशि बढ़ाकर 51 हजार रुपये महीना की जाएगी। साथ ही मुफ्त इलाज भी कराया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों की तरह ही लोकतंत्र सेनानियों को भी अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
सपा सुप्रीमो ने कहा कि इस समय पूरे देश में सोशल जस्टिस भाजपा के इमरजेंसी के दौर से गुजर रहा है। जिस काल में पीडीए पर अत्याचार होगा, वह हर काल आपातकाल होगा। उन्होंने कहा कि 2027 चुनाव में अगर भाजपा माइक्रोस्कोप से भी मैनेजमेंट करेगी, तो भी हार जाएगी।
सपा कार्यालय में की प्रेस कॉन्फ्रेंस
अखिलेश यादव गुरुवार को लखनऊ के सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर उन्होंने कहा- अभी यूपी में ही रहने दो, आपस में झगड़ा मत कराओ। उनका इशारा राहुल गांधी की ओर था। सपा और कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं, जिसका राहुल नेतृत्व कर रहे हैं।
लोकतंत्र रक्षक सेनानी वे व्यक्ति होते हैं, जिन्होंने देश में 1975 से 1977 के बीच लगाई गई इमरजेंसी के समय संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया था।
पुलिस वाले बीजेपी का कार्यकर्ता बने
अखिलेश ने कहा कि यूपी पुलिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। पुलिस बीजेपी का कार्यकर्ता बनकर काम कर रही है। इस सरकार में सच्चे साधु बहुत अपमानित हुए, न्याय नहीं मिला।
डिप्टी सीएम युवाओं को नौकरी की बजाय ई-रिक्शा चलाने की सलाह दे रहे। ब्रजेश पाठक पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा- उन्हें खुद ई-रिक्शा बुक कर लेना चाहिए। ये वो डिप्टी सीएम हैं, जिन्होंने अस्पतालों को ही बीमार कर दिया।
‘महंगाई, बेरोजगारी चरम पर, भाजपा की हार निश्चित’
भाजपा अगर माइक्रोस्कोप से भी मैनेजमेंट करेगी तब भी हार जाएगी। भाजपा चाहे 9 प्रत्याशी उतारे या 10, यह चुनाव हारने जा रही है। जो भी भाजपा को हराने के लिए साथ आना चाहता है, उसका स्वागत है। आज भी वैसा ही दौर है जहां महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है।
‘समस्या उठाने पर युवाओं को फंसाया जा रहा’
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि गोरखपुर में पानी भरने और भ्रष्टाचार का वीडियो बनाने वाले एक युवा पर गुंडा एक्ट लगा दिया गया। नोएडा डीएम के मामले में यूपी सरकार के सुप्रीम कोर्ट जाने पर तंज कसा कि- 5 लाख के जुर्माने को बचाने के लिए लाखों रुपए खर्च किए जा रहे। जैसे ही प्रदेश से यह सरकार हटेगी, यह बुलडोजर वाली स्थिति भी खत्म हो जाएगी।
‘मंत्री राजभर दोबारा कैसे जीतेंगे?’
मंत्री ओपी राजभर के लगातार तंज किए जाने के सवाल पर अखिलेश ने कहा- जो लोग समाजवादी पार्टी के वोट से जीतकर गए हैं, वे खुद दोबारा कैसे जीतेंगे? एक सवाल पर मुस्कुराते हुए कहा- ‘राजभर को आप ले आइए, हम ले लेंगे… जाइए ले आइए, हम इंतजार कर रहे हैं।’
‘एक कचौड़ी, दो समोसा…’
अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में जेन जी और पीडीए मिलकर भाजपा का पत्ता साफ कर देंगे। जल्द ही जेन जी का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, भाजपा पर नहीं भरोसा’ का नारा भी दिया।
