‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो’ का उद्घाटन, अमित शाह बोले- योगी ने सपा की गुंडागर्दी नेस्तनाबूद की

‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो’ का उद्घाटन, अमित शाह बोले- योगी ने सपा की गुंडागर्दी नेस्तनाबूद की

UP News: ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार (25 सितंबर) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की तारीफ की। कहा- योगी सरकार ने सपा-बसपा की गुंडागर्दी को नेस्तनाबूद कर दिया। सारे माफिया समाप्त हो गए। अब यूपी में बनी ब्रह्मोस मिसाइलें पाकिस्तान की नींद उड़ा देती हैं।

केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि सपा-बसपा के शासन में अपराध की इंडस्ट्री चलती थी। कट्टा-तमंचा का कुटीर उद्योग लगता था। कट्टा उद्योग की जगह आज डिफेंस कॉरिडोर बना है। अमेठी में बनी राइफल नक्सलवादियों और आतंकियों की नींद उड़ा चुकी है।

सीएम ने शाह को भेंट की राधा-कृष्‍ण की मूर्ति

शाह सुबह साढ़े 11 बजे ट्रेड शो में पहुंचे। सीएम योगी पहले से ही वहां मौजूद थे। दोनों नेताओं ने एक साथ इलेक्ट्रिक गाड़ी (गोल्फ कार्ट) में बैठकर ट्रेड शो देखा। स्टॉल पर प्रोडक्ट्स की जानकारी ली। मंच पर दोनों नेता काफी देर तक बातचीत करते रहे। योगी ने गृहमंत्री को राधा-कृष्ण की मूर्ति भेंट की।

शाह बोले– पहले यूपी में निवेशक आने से डरते थे

अमित शाह ने कहा- साल 2013 में यूपी सरकार ने एक इन्वेस्टर्स कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी। उस समय यह कॉन्फ्रेंस दिल्ली में हुई थी। उस समय कानून-व्यवस्था को लेकर ऐसी स्थिति थी कि निवेशक यूपी आने से डरते थे। आज यूपी भयमुक्त है। तब किसी ने नहीं सोचा था कि आने वाले समय में नोएडा, काशी और झांसी जैसे शहरों में भी ऐसी कॉन्फ्रेंस हो सकेंगी।

अमित शाह ने कहा- यह कार्यक्रम मणि-कंचन योग जैसा है। आज 25 सितंबर है और यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने मुक्त व्यापार और मुक्त खेती का विचार दिया था। यही नीति आगे चलकर अटल जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के व्यापार का आधार बनी। दीनदयाल जी के जीवन से हमें दिशा मिलती है। आने वाले वर्षों में लाखों कार्यकर्ता उनके बताए रास्ते पर चलकर महान भारत के निर्माण में योगदान देंगे। आज का दिन एक और वजह से खास है। 25 सितंबर 2026 को मेक इन इंडिया मिशन की घोषणा के 12 साल पूरे हो रहे हैं। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो मेक इन इंडिया के रास्ते को आगे बढ़ाने वाला कार्यक्रम है।

पहले यूपी में माफियाओं का शासन चलता था

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव से आज पूरी दुनिया परिचित है। प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यूपी में 2,400 से ज्यादा एमओयू हुए हैं और हजारों करोड़ रुपए का निवेश आया है।

उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो इस बार पिछले साल के सभी रिकॉर्ड तोड़ने में सफल होगा। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। यहां पर्याप्त भूमि, मेहनती कारीगर और उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण है। एक समय प्रदेश में माफियाओं का शासन चलता था, लेकिन आज भाजपा ने प्रदेशभर में माफियाओं को खत्म करने का काम किया है। निवेश के लिए बेहतर कानून-व्यवस्था जरूरी है और यूपी में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

यूपी में बने ब्रह्मोश पाकिस्तान की नींद उड़ा देते हैं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- देशभर में बने डिफेंस के उत्पाद का विकास हुआ है। 2013-14 की तुलना में हमने 56 गुना ग्रोथ की है। इसमें यूपी ने ढेर सारा काम किया है। यूपी में बने ब्रह्मोश पाकिस्तान की नींद उड़ा देते हैं। अमेठी में बनी राइफल नक्सलवादी और आतंकियों की नींद उड़ा चुकी है।

उन्‍होंने कहा कि सपा-बसपा के शासन में अपराध की इंडस्ट्री चलती थी। कट्टा और तमंचा का कुटीर उद्योग लगता था। कट्टा उद्योग की जगह आज डिफेंस कॉरिडोर बना है।

योगी बोले– यूपी की ताकत परंपरागत उद्यम

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- यूपी की ताकत परंपरागत उद्यम है। उस ताकत को जब यूपी जान जाएगा तो यूपी को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक पाएगा। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के रूप में इस परंपरागत उद्यम को हम लोगों ने एक प्राण दिया और आज उत्तर प्रदेश के अंदर मैन्युफैक्चरिंग के रूप में आगे बढ़ा है। आज 2 लाख करोड़ से अधिक का व्यापार पूरी दुनिया में किया है।

उन्‍होंने कहा- इस साल लगभग डेढ़ लाख विजिटर्स आयोजन का हिस्सा बनने वाले हैं। देश की सबसे बड़ी आबादी के बीच ग्लोबल ट्रस्ट का प्रतीक है कि हमारे युवाओं के निवेश को, MSME सेक्टर को, किसानों की मेहनत को, इन सबको लेकर हम चलें तो यूपी को नई पहचान बनाने की एक पहल है। जो अपनी जगहों से जुड़कर दुनिया के साथ चलता है, दुनिया उसको फॉलो करती है। यूपी ट्रेड शो उसका एक प्रतीक बनकर हमारे सामने खड़ा है।

सीएम बोले– दुनिया को यूपी के उत्पादों की गुणवत्ता पर भरोसा

सीएम योगी ने कहा- यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और ऑस्ट्रिया जैसे पार्टनर देश जुड़े हैं। दुनिया के कई देशों से आए इंटरनेशनल बायर्स को यूपी के उत्पादों की गुणवत्ता और यहां की मजबूत सप्लाई चेन पर भरोसा है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो पिछले चार वर्षों से प्रदेश के उत्पादों को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का मंच बना है। इस साल 90 देशों के 500 से ज्यादा खरीदार इसमें हिस्सा ले रहे हैं। 36 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक ट्रेड शो में शामिल हुए हैं। विभिन्न देशों के साथ एमओयू हो चुके हैं और तकनीक और जॉइंट वेंचर के क्षेत्र में भी सहयोग की नई संभावनाएं बन रही हैं।

यूपी के 79 उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई पारंपरिक उत्पाद अब करोड़ों रुपये के कारोबार का आधार बन चुके हैं। सरकार का प्रयास इन स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़कर उन्हें नई पहचान दिलाना है।

यूपी में कभी पोटेंशियल की कमी नहीं थी, जरूरत पहचानने की थी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत कभी दुनिया में ‘सोने की चिड़िया’ के रूप में जाना जाता था। लेकिन देश की शक्तियां विभाजित हुईं तो भारत गुलाम हुआ। उस दौर में सिर्फ देश को ही गुलामी नहीं झेलनी पड़ी, बल्कि यहां के हस्तशिल्प, बुनकरों और पारंपरिक हुनर को भी नुकसान पहुंचाया गया। आजादी के बाद भी लंबे समय तक इन हुनरमंदों को अपेक्षित मंच नहीं मिला। इससे नई पीढ़ी अपने पारंपरिक व्यवसाय और जड़ों से दूर होने लगी।

उत्तर प्रदेश में क्षमता की कोई कमी नहीं थी, जरूरत उसे पहचानने की थी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पारंपरिक उद्यमों को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के जरिए नई पहचान दी गई। डबल इंजन सरकार ने स्थानीय उत्पादों और हुनर की क्षमता को पहचाना और उन्हें वैश्विक बाजार से जोड़ने का काम किया। एक्सप्रेसवे और बेहतर कनेक्टिविटी के जरिए ऐसा नेटवर्क तैयार किया गया है, जिससे यूपी के उत्पाद देश-दुनिया के बाजार तक पहुंच रहे हैं। स्किल डेवलपमेंट और टूल किट जैसी योजनाएं भी कारीगरों को बाजार से जोड़ने में मदद कर रही हैं।

इस बार ट्रेड शो में 2 लाख करोड़ के व्यापार की उम्मीद

नोएडा में 29 सितंबर तक चलने वाले ट्रेड शो का यह चौथा एडिशन यानी चौथा साल है। इस बार जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस देश पार्टनर के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। 85 देशों से 600 से ज्यादा खरीदार पहुंचने की संभावना है।

आयोजकों को इस बार 2 लाख करोड़ रुपए के व्यापार की उम्मीद है। ट्रेड शो में इलेक्ट्रॉनिक्स, EV, डिफेंस, IT और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर की कंपनियां हिस्सा ले रहीं हैं। इस बार 2,500 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय खाद्य संस्कृति भी पेश की गई। हर दिन सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 5 दिनों में 4.5 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की संभावना है।

4 लेयर की सुरक्षा में ट्रेड शो, 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को गृहमंत्री अमित शाह ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास 4 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जनता को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पहले ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *