-
बारिश के बीच बैरीकेडिंग पर चढ़े अजय राय, पुलिस ने कोंग्रेसियों को लिया हिरासत में
Lucknow: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विवाद अब तेज हो गया है। मूसलाधार बारिश के बीच शुक्रवार को कांग्रेसियों ने सीईसी को लेकर प्रदेश की राजधानी में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अगुआई में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय जाते हुए कार्यकर्ताओं को सुन्नी वक़्फ़ बोर्ड कार्यालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस दरमियान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में तीखी नोकझोंक हुई। बारिश के बीच अजय राय बैरिकेडिंग पर युवा कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होकर फांदने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें नीचे उतारा और हिरासत में लिया। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस इको गार्डन ले गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, लोकतंत्र पर हमला और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं होगा।
उन्होंने कहा, निष्पक्ष चुनाव ही लोकतंत्र की बुनियाद हैं, लेकिन वर्तमान में जिस तरह संवैधानिक मर्यादाओं की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, देश की जनता सब देख रही है। कांग्रेस जन-जन के हक और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक लड़ाई जारी रखेगी। प्रदर्शन से पहले लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पोस्टर भी लगाया गया। पोस्टर में उनके इस्तीफे की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने बीजेपी के साथ मिलकर देश के लोगों को धोखा दिया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस का यह प्रदर्शन सिर्फ लखनऊ तक सीमित नहीं है।
