UP में B.ED करना हुआ महंगा, आवेदन और ऑनलाइन काउंसिलिंग के पंजीकरण शुल्क में वृद्धि

UP में B.ED करना हुआ महंगा, आवेदन और ऑनलाइन काउंसिलिंग के पंजीकरण शुल्क में वृद्धि

UP B.ED: प्रदेश के विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए होने वाले आवेदन का शुल्क उच्च शिक्षा विभाग ने बढ़ा दिया है। प्रवेश आवेदन शुल्क जहां 250 रुपये बढ़ाया गया है। वहीं ऑनलाइन काउंसिलिंग के लिए पंजीकरण शुल्क में भी सौ रुपये की वृद्धि की गई है। बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन सोमवार देर रात से शुरू हो गए हैं। प्रदेश के विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन पिछले तीन साल से बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर उच्च शिक्षा विभाग ने बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुल्क को संशोधित करने का निर्णय लिया है।

और महंगा होगा बीएड करना

इसके अनुसार सामान्य, ओबीसी व प्रदेश के बाहर के निवासी अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1400 से बढ़ाकर अब 1650 रुपये कर दिया गया है। वहीं प्रदेश के एससी व एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 700 से बढ़ाकर 850 रुपये किया गया है। इस तरह सामान्य व ओबीसी के लिए 250 और एससी-एसटी के लिए आवेदन शुल्क 150 रुपये बढ़ गया है। उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव गिरिजेश त्यागी की ओर से बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव को भेजे पत्र में कहा गया है कि ऑनलाइन काउंसिलिंग के लिए पंजीकरण शुल्क भी 850 रुपये किया गया है। जो पहले 750 रुपये था। उन्होंने कहा है कि राज्य विश्वविद्यालय (संबद्ध, सहयुक्त व घटक महाविद्यालयों में शिक्षा की उपाधि के लिए शिक्षण पाठ्यक्रमों प्रवेश का विनियमन) 10वें संशोधन के प्रावधानों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *