UP News: उत्तर प्रदेश में गुरुवार (05 जनवरी) सुबह लखनऊ और प्रयागराज सहित 15 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे। विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई। कोहरा बारिश की तरह गिर रहा। सड़कें गीली हो गई हैं। बफीर्ली हवाओं से शीतलहर जैसे हालात बन गए। सड़कों पर लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। बाइक से निकले लोगों के हाथ सुन्न हो गए। जगह-जगह लोग अलाव तापते नजर आए। कोहरे के चलते कानपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 25 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवाओं से सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है। कल से पहाड़ी राज्यों में फिर से बर्फबारी का दौर शुरू होगा। बारिश के भी आसार हैं। इसका असर मैदानी इलाकों, खासकर यूपी पर पड़ेगा। पूरे प्रदेश में बर्फीली हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
21 जिलों में रहा घना कोहरा
इससे पहले बुधवार को कानपुर और झांसी सहित 21 जिलों में घना कोहरा छाया था। प्रयागराज में दिन भर बूंदाबांदी होती रही। ज्यादातर शहरों में बादल छाए रहे। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बाराबंकी सबसे ठंडा रहा। पारा 6.5°C दर्ज किया गया।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पूर्वांचल के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान बढ़ा है। पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ेगी। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3°C की गिरावट हो सकती है।
संभल में हुई सर्वाधिक बारिश
फरवरी में पिछले चार दिनों की बारिश पर नजर डालें तो संभल में सबसे ज्यादा 73.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, मेरठ में 51.8 मिलीमीटर और बागपत में 41.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। बारिश के बाद बदले मौसम ने ठंड का एहसास और बढ़ा दिया है।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 6 फरवरी: पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं घना कोहरा पड़ेगा। पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।
- 7 फरवरी: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। तेज हवाएं चल सकती हैं।
- 8 फरवरी: पूरे प्रदेश में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं।
इन इलाकों में है घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत व आसपास के इलाकों में।
यहां भी रहेगा कोहरा
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरेया, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में।

