UP: भारत-नेपाल सीमा स्थित थाना रूपईडीहा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा के रूपईडीहा बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) पर चेकिंग के दौरान की गई। पकड़े गए मुख्य आरोपियों में पंजाब के रूपनगर का रहने वाला विक्रमजीत सिंह शामिल है, जो वर्ष 2023 के अजनाला थाने पर हमले के मामले में लंबे समय से वांछित था। आरोपी नेपाल में फर्जी पहचान और दस्तावेजों के सहारे छिपकर रह रहा था। अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों (मूल निवासी मोगा, पंजाब) बिना वैध वीजा के नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहा था, जिसे सुरक्षा बलों ने स्थानीय मददगारों के साथ धर दबोचा।
मनवीर की पत्नी (अमेरिकी नागरिक) और बच्चे के पास वैध दस्तावेज होने के कारण उन्हें इमीग्रेशन नियमों के तहत वैध रूप से प्रवेश की अनुमति दी गई। अवैध रूप से सीमा पार कराने और वाहन की व्यवस्था करने वाले स्थानीय तस्करों/मददगारों (सुरेश कुमार पाठक, दिलीप उपाध्याय और वाहन चालक राहुल कुमार) को भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल सशस्त्र सीमा बल, स्थानीय पुलिस, खुफिया विभाग (IB/SB) और इमीग्रेशन की टीमें सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन संयुक्त पूछताछ कर रही हैं ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके।
