लखनऊ-कानपुर समेत प्रदेश के 10 शहरों में बारिश, 20 बीघा जमीन नदी में समाई

लखनऊ-कानपुर समेत प्रदेश के 10 शहरों में बारिश, 20 बीघा जमीन नदी में समाई

UP News: उत्‍तर प्रदेश में शनिवार को लखनऊ, कानपुर, बरेली, बहराइच और झांसी सहित 10 शहरों में तेज बारिश हुई। कानपुर में दोपहर 2 बजे दिन में अंधेरा छा गया। इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। लखनऊ में दोपहर 12 बजे अचानक मौसम बदला। आसमान में काले बादल छा गए। कई इलाकों में तेज बारिश हुई।

मौसम विभाग (IMD) ने आज 31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, अगले 12 से 24 घंटे में राजस्थान के रास्ते मानसून की वापस जाना शुरू हो जाएगा। इसके बाद बारिश कम होगी। 3-4 दिन बाद बारिश का सिलसिला बिल्कुल थम जाएगा। तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।

नदियों का जलस्‍तर भी घटने लगा

इधर, बारिश से उफनाई नदियों का जलस्तर अब घटने लगा है। गोंडा में घाघरा नदी का पानी कम होने से 25 गांवों से बाढ़ का पानी उतर गया है, जबकि 10 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। कटान के कारण 20 बीघा खेती वाली जमीन नदी में समा गई। मऊ में 2 दिन में 5 बीघा जमीन सरयू में समा चुकी है।

काशी में गंगा का जलस्तर घटने से घाटों की सीढ़ियों से पानी उतर गया है। बाराबंकी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की OPD में गुरुवार देर रात कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। वन विभाग ने रेस्क्यू करके जंगल में छोड़ा। पीलीभीत में शुक्रवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान 19 साल का युवक नहर के तेज बहाव में बह गया।

धीरे-धीरे कमजोर हो रही बारिश

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना है। यह अरब सागर से नमी वाली हवा खींचकर यूपी की तरफ बढ़ा रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर पूर्वांचल के जिलों में दिख रहा है, इसलिए वहां हल्की-फुल्की बारिश हो रही है। हालांकि, पश्चिमी और मध्य यूपी में बारिश धीरे-धीरे कम और कमजोर होने लगी है।

आज सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, जौनपुर, गाजीपुर, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर और आसपास के इलाके में बारिश का अलर्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *