BJP Padyatra: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में गुरुवार (05 नवंबर) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- कांग्रेस के शासनकाल में घोटाले पर घोटाले हुए। आज यही कांग्रेस लोकतंत्र की बात कर रही है, जबकि 1975 में इसी पार्टी ने देश में आपातकाल लगाया था।
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा- उनकी स्थिति बार-बार फेल होने वाले उस लड़के जैसी हो गई है, जो हर बार अपनी नाकामी का नया बहाना बनाता है। चुनाव जीतने पर ये अपनी मेहनत का श्रेय लेते हैं और हारने पर EVM को दोषी ठहराते हैं। सीएम योगी ने ये बातें ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान कहीं। जनसभा को संबोधित करने के बाद उन्होंने करीब 1600 मीटर तक पैदल यात्रा की।
जिस गाड़ी में सपा का झंडा, उसमें कुख्यात गुंडा
सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार के समय बरेली, संभल, बुलंदशहर, मेरठ और सहारनपुर में दंगे हुए। उस समय कहावत थी- ‘जिस गाड़ी में सपा का झंडा, समझो उसमें बैठा है कोई कुख्यात गुंडा।’ उन्होंने कहा- ‘देख सपाई, बिटियां घबराईं।’
1984 के दंगों की बरसी पर कांग्रेस ने की रैली
योगी ने कहा कि 1 नवंबर 1984 को दिल्ली की सड़कों पर हिंदू और सिख समुदायों के बीच तनाव पैदा हुआ था। इसी तारीख को कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में चुनाव आयोग के खिलाफ रैली की। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील दिन पर संवेदना जताने के बजाय रैली की गई।
मोदी सरकार ने मुफ्त राशन, इलाज और वैक्सीन दी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के साथ खड़े रहे। सरकार ने वैक्सीन विकसित कराई और लोगों को मुफ्त राशन, इलाज और वैक्सीन उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वैक्सीन को मोदी की वैक्सीन बताकर दुष्प्रचार किया।
कांग्रेस के शासन में हुए 2जी और कोयला घोटाले
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के कारण जनता का विश्वास खो दिया। उसके शासनकाल में 2जी और कोयला घोटाले हुए। देश की सुरक्षा में भी सेंध लगी। 2014 से पहले देश में अराजकता, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार का माहौल था। आज भारत दुनिया की शीर्ष चार अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की ओर बढ़ रहा है।
राहुल गांधी की हालत बार–बार फेल होने वाले छात्र जैसी
सीएम योगी ने कहा कि राहुल गांधी की स्थिति बार-बार फेल होने वाले उस लड़के जैसी हो गई है, जो हर बार अपनी असफलता का नया बहाना बनाता है। उन्होंने किस्सा सुनाते हुए बताया कि लड़का पहली बार फेल हुआ तो कॉपी बदलने, दूसरी बार सिलेबस से बाहर सवाल आने, तीसरी बार पेन की स्याही खत्म होने और चौथी बार आगे बैठे लड़के को देखने का बहाना बनाने लगा। योगी ने कहा कि चुनाव जीतने पर ये अपनी मेहनत बताते हैं और हारने पर EVM को दोष देते हैं।
